साध्वियों की मौत पर आगरा के जैन समाज में आक्रोश, कलक्ट्रेट पहुंचकर दिया ज्ञापन
आगरा, 25 मई। मध्य प्रदेश के रीवा में विहाररत जैन साध्वियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर शहर के जैन समाज का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। दिगम्बर जैन परिषद के नेतृत्व में सकल जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
समाज ने घटना की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच, विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा और राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति लागू करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि रीवा में पूज्य आर्थिका माताजी के साथ हुई घटना सामान्य सड़क हादसा नहीं लगती, बल्कि उपलब्ध वीडियो फुटेज, परिस्थितियों और तथ्यों को देखते हुए समाज में गहरी आशंका और चिंता का माहौल है। जैन समाज ने पूरे मामले की एसआईटी अथवा न्यायिक जांच कराने की मांग की।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जैन साधु-संत पूर्णतः अहिंसक, निहत्थे और पैदल विहार करने वाले तपस्वी होते हैं। ऐसे में उनके साथ लगातार बढ़ रही दुर्घटनाएं और हमले बेहद चिंताजनक हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जैन समाज ने विहार मार्गों पर संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की भी मांग की।
इस दौरान दिगम्बर जैन परिषद के डॉ. जितेन्द्र जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, मनीष कुमार जैन, विमल जैन, राकेश जैन, मनोज जैन, राजेन्द्र जैन, रोहित जैन, आशीष जैन मोनू, मुरारी लाल जैन, अशोक जैन पूर्व डिप्टी मेयर, प्रवीण जैन नेता, श्वेतांबर जैन समाज के सुरेन्द्र कुमार जैन, अनिल कुमार जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, अनुज जैन, दीपक जैन, प्रमेन्द्र जैन, अनुज जैन क्रांति, अश्वनी जैन, शुभम जैन, सुषमा जैन पार्षद, महेश जैन, राहुल जैन एडवोकेट आशु बाबा, कमल जैन मौजूद रहे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments