महंगी बाइक चुराकर कबाड़ियों को बेच देते थे पार्ट्स, पांच गिरफ्तार

आगरा, 03 मई। थाना मलपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स कबाड़ियों को बेच दिया जाता था, जिससे उन्हें जल्दी पैसे मिल सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों के नाम मनोज ठाकुर, मनीष डागर, गोविंद ठाकुर, उदय कुशवाह और आमिर खान हैं। सभी थाना सदर क्षेत्र के नैनाना जाट गांव के निवासी है।
अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि संगठित तरीके से मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। ये लोग चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर देते थे और फिर कबाड़ियों को बेचकर मोटी रकम कमाते थे। चार सदस्य बाइक चोरी करते थे, जबकि एक आरोपी उन गाड़ियों के पार्ट्स बदलने और काटने का काम करता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 4-5 दिन पहले सिकंदरा क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी की थी। गिरोह के दो सदस्यों पर पहले से मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments