एसीपी के खिलाफ मुकदमा लिखे जाने पर नपे इंस्पेक्टर लोहामंडी!
आगरा, 28 मई। थाना लोहामंडी में एसीपी के खिलाफ मुकदमा लिख दिया जाना प्रभारी उत्तम चंद पटेल के निलंबन का कारण बना। थाने में तैनात मुंशियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने इसे कार्य में भारी लापरवाही माना।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लोहामंडी थाने में विगत 22 मई को दर्ज हुए मुकदमे में बिना जांच के एसीपी का नाम शामिल कर दिया गया। एक अधिवक्ता की तहरीर पर लोहामंडी थाने में चार लोगों के खिलाफ 22 मई को मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में महिला एसीपी का नाम शामिल कर दिया गया।
इसकी जानकारी होते ही पुलिस अधिकारियों मामले की जांच की, जिसमें इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल की लापरवाही सामने आई।
इंस्पेक्टर के खिलाफ पूर्व में भी अधिकारियों तक शिकायतें पहुंच चुकी थीं। उन पर थाने में पीड़ितों की समस्या सुनने में लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। शिकायतें थीं कि इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल बिना तहरीर पढ़े ही मुंशी को मुकदमा दर्ज करने के लिए दे देते हैं। अगर इंस्पेक्टर ने अधिवक्ता की ओर से दी गई तहरीर को पढ़ा होता तो मुकदमे में एसीपी का नाम शामिल न होता।
इसी से नाराज पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने उत्तम चंद पटेल को निलंबित कर दिया और सिकंदरा थाने में इंस्पेक्टर क्राइम के रूप में तैनात इंद्रजीत सिंह को इंस्पेक्टर लोहामंडी का चार्ज दिया गया।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments