Agra News-2: खबरें आगरा की -2....

पुरुषोत्तम मास की एकादशी पर वितरित किए साड़ी, ड्रेस और लहंगे
आगरा, 27 मई। सामाजिक संस्था किशोर शक्ति फाउंडेशन ने बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहयोग की दिशा में पहल करते हुए तीन हज़ार से अधिक महिलाओं को साड़ियाँ, ड्रेस, सूट एवं लहंगे वितरित किए।
विवाह योग्य युवतियों को ब्राइडल लहंगे एवं विशेष ब्राइडल परिधान भी भेंट किए गए। संस्थापक स्नेह लता अग्रवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) एवं एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के जीवन में आशा, सम्मान और मुस्कान का संचार करना था।
उन्होंने कहा कि संस्था की आगरा एवं रांची इकाइयों द्वारा ₹500 से ₹5000 तक मूल्य के वस्त्र महिलाओं एवं बालिकाओं को वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से स्नेह लता अग्रवाल, साक्षी अग्रवाल, कोपल अग्रवाल, आदित्य सिंघल उपस्थित रहे।
________________________________________
संस्कार भारती ने गंगा दशहरा को समर्पित की काव्य गोष्ठी
आगरा, 27 मई। संस्कार भारती द्वारा गंगा दशहरा को समर्पित 15 वीं नमन काव्य गोष्ठी बुधवार को डा कैलाश सारस्वत के क्लीनिक, सेक्टर 15, आवास विकास कॉलोनी पर आयोजित की गई। 
वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार रवीन्द्र वर्मा, प्रख्यात समाजसेवी और होम्योपैथी चिकित्सक डा कैलाश सारस्वत, कार्यक्रम के अध्यक्ष कवि अशोक गोयल, पर्यावरणविद चंद्रशेखर शर्मा और प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने मां गंगा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
गाफिल स्वामी, इगलास, रवीन्द्र वर्मा, प्रभुदत्त उपाध्याय, अलका शर्मा, आचार्य उमाशंकर पाराशर ने काव्यपाठ किया। डॉ कैलाश सारस्वत का आगरा के साहित्यकारों और कवियों नन्द नन्दन गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग, अशोक गोयल, अलका शर्मा, प्रभुदत्त उपाध्याय, संजय कुमार, आचार्य उमाशंकर पाराशर आदि द्वारा सम्मान किया गया।
________________________________________
नाई की मंडी में जुए के अड्डे पर छापा, पांच जुआरी पकड़े
आगरा, 27 मई। थाना नाई की मंडी पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर पांच अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 60,000 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह, सुरेन्द्र उर्फ गोलू, सुरेन्द्र बाबू, निशान्त और अभिषेक धाकड़ के रूप में हुई है। 
थाना पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह जुआ अड्डा लंबे समय से संचालित हो रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। 
________________________________________
आगरा किले के सामने मेट्रो स्टेशन के समीप झाड़ियों में लगी आग 
आगरा, 27 मई। आगरा किले के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने बुधवार की दोपहर अचानक मेट्रो स्टेशन के पास झाड़ियों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास पड़े कूड़े के ढेर को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक आग दोपहर करीब 2 बजे लगी और करीब एक घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं।
बताया गया कि झाड़ियों के बीच भारी मात्रा में कूड़ा जमा था, जिसमें प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री भी शामिल थी। आग कूड़े तक पहुंचते ही काला और जहरीला धुआं तेजी से फैलने लगा। आग की वजह से आसपास से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और लोग आग का वीडियो बनाने लगे।
जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक नीचे से मेट्रो ट्रैक गुजर रहा है और पास में ही मेट्रो स्टेशन भी मौजूद है। ऐसे में लोगों ने चिंता जताई कि यदि आग और फैलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि आग काफी देर तक जलती रही, लेकिन शुरुआती समय में न तो आग बुझाने की कोशिश की गई और न ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
________________________________________







ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments