मामा कर रहा था भांजी के घर में चोरियां! स्पाई कैमरों से उजागर हुई करतूत

आगरा, 12 मई। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक रिश्ते का मामा अपनी भांजी के घर में लगातार चोरियां कर रहा था। भांजी द्वारा घर में लगवाए गए स्पाई कैमरों की फुटेज से उसकी करतूत उजागर हुई। 
कृष्णाकुंज कॉलोनी निवासी ममता गौतम ने थाना ट्रांस यमुना में दी तहरीर में बताया कि उनका रिश्ते का मामा मोनू गौतम परिवार का बेहद करीबी था। परिवार के लोग जब भी कहीं बाहर जाते, घर की चाबी उसी को सौंप देते थे ताकि घर की देखभाल हो सके। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर घर की डुप्लीकेट चाबी तैयार करवा ली।
आरोप है कि मोनू काफी समय से मौका मिलते ही घर में प्रवेश करता और सेफ अलमारी से धीरे-धीरे सोने के जेवरात व नकदी चोरी करता रहा। शुरुआत में परिवार को यह समझ नहीं आया कि आखिर सामान कहां गायब हो रहा है। लेकिन जब बार-बार जेवर और रुपये कम मिलने लगे तो महिला को किसी करीबी पर शक हुआ।
इसके बाद परिवार ने बिना किसी को बताए घर के अंदर स्पाई कैमरे लगवा दिए। विगत 26 अप्रैल की रात कैमरे की रिकार्डिंग ने चोरी के पूरे राज से पर्दा उठा दिया।
फुटेज में आरोपी मोनू गौतम घर में दाखिल होता दिखाई दिया। उसने डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोली और उसमें रखे जेवर व नकदी तलाशने लगा। रिकॉर्डिंग देखने के बाद परिवार ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की। पहले तो वह बहाने बनाता रहा, लेकिन जब कैमरे की फुटेज दिखाई गई तो उसने कई महीनों से चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी द्वारा कितने जेवर और कितनी नकदी चोरी की गई, इसका परिवार अब हिसाब जुटा रहा है।
महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांस यमुना में शिकायत दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments