सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक की मृत्यु, जहर खाने की आशंका, डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा पोस्टमार्टम
लखनऊ, 13 मई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह निधन हो गया। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विस्तृत जांच जारी है। प्रतीक के निधन की खबर ने सबको हैरत में डाल दिया। निधन की खबर मिलते ही नेताओं का लखनऊ के सिविल अस्पताल में जमा होना शुरू हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन पर शोक जताया है।
38 वर्षीय प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता की संतान थे। मुलायम सिंह ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना बेटा बताया था।प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पत्नी अपर्णा यादव राजधानी लखनऊ में नहीं थीं। प्रतीक सुबह करीब छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए थे।
सूत्रों के अनुसार मौत की परिस्थितियां संदिग्ध मानी जा रही हैं। चर्चा है कि किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। पूरे मामले पर अभी परिवार की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
राजनीति से दूर प्रतीक यादव अपने व्यवासायिक जीवन में व्यस्त रहते थे। प्रतीक मीडिया और राजनीति से दूर ज्यादातर समय शारीरिक और मानसिक फिटनेस में लगाते थे। लखनऊ में उनके अपने जिम हैं साथ ही खुद फिटनेस ट्रेनर भी थे। उनका राजनीति से नाता नहीं रहा।
नवम्बर, 2012 में कुछ सपा कार्यकर्ता सपा कार्यालय में घुसकर लोकसभा चुनाव में प्रतीक को आजमगढ़ से टिकट दिए जाने की मांग करने लगे थे। प्रतीक की मां और मुलायम की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता और चाचा शिवपाल ने भी इस बात का समर्थन किया था, हालांकि तब प्रतीक को टिकट नहीं दिया गया।
प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हैं और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं। वह राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। अपर्णा यादव अक्सर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं। बीते कुछ महीनों में प्रतीक और अपर्णा यादव का निजी जीवन भी चर्चा में रहा था। सोशल मीडिया पोस्ट्स और पारिवारिक मतभेदों की खबरों ने सुर्खियां बटोरी थीं, हालांकि बाद में दोनों परिवार सहित विदेश यात्रा पर भी नजर आए थे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments