फूटा आक्रोश, जलभराव के खिलाफ नाले में बैठकर धरना, जलसंकट को लेकर छीपीटोला में सड़क पर बैठीं महिलाएं

आगरा, 27 मई। नगर निगम और जलकर संस्थान की अव्यवस्थाओं के खिलाफ शहर में बुधवार को दो स्थानों पर नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। शमसाबाद रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने नाले के गंदे पानी में बैठकर धरना दिया। दूसरी ओर चिलचिलाती धूप में छीपीटोला चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पानी की गंभीर समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
शमसाबाद रोड पर पिछले पांच साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाले का गंदा पानी 24 घंटे सड़क पर भरा रहता है। दुकानों के सामने कीचड़ और बदबू से ग्राहक आना बंद हो गए हैं। व्यापार पूरी तरह चौपट हो चुका है। कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम ने सुध नहीं ली। गंदे पानी से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग रोज फिसलकर गिरते हैं। शमसाबाद रोड से होकर कई मंदिरों के लिए श्रद्धालु गुजरते हैं। नाले के पानी में से होकर जाना उनकी मजबूरी बन गई है। बीमारी फैलने का खतरा अलग से बना हुआ है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गोविंद पराशर ने कहा कि नगर निगम को कई बार ज्ञापन दिया गया। अधिकारियों ने सिर्फ आश्वासन दिया, काम एक भी नहीं हुआ। 
उधर छीपीटोला में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पानी की गंभीर समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से पानी की सप्लाई बाधित है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
महिलाओं ने चौराहे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने खाली बाल्टियां और बर्तन लेकर सड़क पर बैठकर विरोध जताया। महिलाओं का कहना था कि इसी पानी संकट के कारण बस्ती के दो लड़कों की जान जा चुकी है। पिछले चार सालों से वे संकट का सामना कर रही हैं। प्रदर्शन और जाम की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments