आगरा के युवक ने भरतपुर ससुराल पहुंचकर पत्नी को गोली मारी और खुद भी जान दे दी, पत्नी की हालत गम्भीर
आगरा, 01 मई। एक सनसनीखेज मामले में जिले के एक युवक ने भरतपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचकर पत्नी को गोली मार दी और खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। मृतक की पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। वारदात के पीछे पत्नी के बिना बताए मायके जाने का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, थाना खेरागढ़ के अंतर्गत ग्राम बरुअर निवासी राघवेंद्र (31 वर्ष) की शादी भरतपुर के रूपवास में ग्राम सिंघावली की रहने वाली राधिका से चार साल पहले हुई थी। दोनों के एक बेटा भी है। राधिका की चचेरी बहन की शादी थी इसके लिए वह 30 अप्रैल को अपने मायके चली गई थी। आज शुक्रवार को राघवेंद्र दोपहर में ससुराल रूपवास पहुंचा, उस समय लग्न का कार्यक्रम चल रहा था। उसने पत्नी को बुलाया और कमरे में ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद के बाद आवाज सुनकर परिजन आए, कमरे का गेट तोड़ा। वहां, राघवेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था और राधिका के सीने में गोली लगने से खून बह रहा था।
यह दृश्य देखकर शादी वाले घर में चीखपुकार मच गई। परिवारीजन घायल राधिका को लेकर तुरंत रूपवास अस्पताल की ओर दौड़े और उसे भर्ती कराया। वहां से रेफर करने पर उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत गम्भीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का कहना है कि राघवेंद्र ने देशी कट्टे से पहले राधिका को गोली मारी और इसके बाद खुद को गोली मार ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गम्भीरता से जांच में जुटी हुई है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments