दयालबाग में कॉस्मेटिक फैक्ट्री व गोदाम में भीषण आग, रह-रहकर फटते रहे स्पिरिट के ड्रम, छह घंटे तक जूझे अग्निशमनकर्मी
आगरा, 01 मई। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत दयालबाग में यमुना किनारे खासपुर स्थित एक कॉस्मेटिक फैक्ट्री व गोदाम में गुरुवार की देर रात्रि भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। देर रात्रि करीब दो बजे लगी आग से आसपास के निवासियों में भारी हड़कम्प मच गया। आग की भयावहता इसी से समझी जा सकती है कि आम तौर पर घंटे-दो घंटे में आग पर काबू कर लेने वाली फायर ब्रिगेड को इसे बुझाने में करीब छह घंटे का समय लगा। आग लगने से फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी क्षति पहुंची।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि देर रात्रि दो बजे सूचना मिलते ही दमकलें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने बताया कि यह आग खासपुर गांव के प्लॉट नंबर 238 पर स्थित कमलानगर निवासी गौरव गोयल की फ्रेंड्स कॉस्मेटिक्स फैक्ट्री व गोदाम में लगी। लगभग चार-पांच सौ गज में बनी फैक्ट्री व गोदाम में स्पिरिट के ड्रम और कॉस्मेटिक का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इन ड्रमों में रह-रहकर विस्फोट होने से आग बुझाने में काफी समय लगा।
सोनकर ने बताया कि आग को बुझाने में बड़ी मात्रा में फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा। दो दमकलों, एक फोम की गाड़ी और एक वाटर ब्राउजर के संयुक्त इस्तेमाल से अग्निशमन कर्मियों ने सुबह दस बजे तक आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री में अत्यधिक ज्वलनशील स्पिरिट का कार्य होने के बावजूद अग्निशमन उपाय नहीं थे और न ही कोई एनओसी थी।
आसपास रिहायशी क्षेत्र होने से अन्य घरों के भी चपेट में आने की आशंका हो गई थी। घबराये क्षेत्रीय निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। सुबह आग बुझने पर उन्होंने राहत की सांस ली।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments