महिलाओं ने बिजली के मीटर उखाड़े और सिर पर रख बिजली कार्यालय ले जाकर फेंक दिए

आगरा, 01 मई। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर कई शिकायतें आने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी की बानगी शुक्रवार को अकोला कस्बे में दिखाई दी। यहां सैकड़ों महिलाओं और ग्रामीणों ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए और उन्हें सिर पर रखकर सीधे बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कई लोग बोरे में भरकर भी स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे और कार्यालय परिसर में उन्हें फेंककर अपना विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने साफ कहा कि स्मार्ट मीटर उनकी समझ से बाहर हैं और उन्हें किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि इन मीटरों के लगने के बाद बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। 
ग्रामीणों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पुराने मीटरों को ही जारी रखा जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां बिजली बिल सीमित आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे खासकर ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के परिवारों में असंतोष गहराता जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने किया। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments