स्टोनमैन क्राफ्ट्स के यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण 
आगरा, 03 मई। मार्बल हैंडिक्राफ्ट निर्माण से जुड़ी कंपनी स्टोनमैन क्राफ्ट्स इंडिया के तत्वावधान में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कम्पनी में कार्यरत युवाओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित तथ्यों के बारे में अनुभवी प्रशिक्षक प्रवीण कुमार ने प्रशिक्षित किया। लगभग 70 युवाओं ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया। कम्पनी के मानव संसाधन विभाग के दीपक चौहान एवं सौरभ दीक्षित ने कार्यक्रम के संयोजन में विशेष भूमिका निभाई।
__________________________________________
निःशुल्क मेडिकल शिविर में 184 व्यक्तियों ने लाभ प्राप्त किया 
आगरा, 03 मई। माधव मिलन एवं नेशनल मेडिकोज औरगेनाइजेशन द्वारा नि:शुल्क मेडिकल शिविर विजयश्री अपार्टमेंट पुरानी विजय नगर कॉलोनी में लगाया गया जिसमें 184 व्यक्तियों ने लाभ प्राप्त किया।  शिविर में हैल्थ लाइन लैबस द्वारा ब्लड शुगर, कोलस्ट्रोल आरोग्य कम्पनी के विशाल द्वारा केल्शियम,  वी आर डी, वी एम डी, विटामिन डी की निशुल्क जाँच की गयी।
डॉ पवन गुप्ता, डा रुपल अग्रवाल, डा सुनीता गुप्ता, डा सारिका श्रीवास्तव, डा अभिलाषा गुप्ता, डा हरबीर सिंह,  आदि डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की। डा सारिका श्रीवास्तव द्वारा सी पी आर की ट्रेनिंग से अवगत कराया गया। आलोक आर्या,  अशोक अग्रवाल, रवी गुप्ता, अजय तोशनीवाल, अशोक मोदी, जुगल किशोर अग्रवाल, अजय बहाबलपुरिया, संदीप गुप्ता, एम एम सक्सेना,  धर्मेंद्र गर्ग, कुमदेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, नरेश सूद ने व्यवस्था में सहयोग किया।
__________________________________________
नवीन जैन ने की बरगी डैम क्रूज हादसे की उच्चस्तरीय जांच की मांग
आगरा, 03 मई। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे पर राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर गहरी चिंता व्यक्त की तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। 
नवीन जैन ने कहा कि इस हादसे में निर्दोष लोगों की असामयिक मृत्यु ने न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम विभाग द्वारा पूर्व में चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद संबंधित क्रूज को जल में उतरने की अनुमति दी गई, जो स्पष्ट रूप से गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। जब क्रूज दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उस समय रेस्क्यू टीम, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) तथा जल पुलिस तत्काल मौके पर क्यों नहीं पहुंच सकीं।
सांसद ने कहा कि इस प्रकार की जल परिवहन सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अत्यंत आवश्यक है, किंतु इस घटना में लाइफ जैकेट, आपातकालीन व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न किया जाना बेहद चिंताजनक है। यह सीधे-सीधे प्रशासनिक और प्रबंधन स्तर पर गंभीर चूक की ओर संकेत करता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि सुरक्षा मानकों को और अधिक सख्त एवं प्रभावी बनाया जाए, नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
__________________________________________
बेटियों के हाथों पर लगाई मेहंदी, गाए मंगल गीत
आगरा, 03 मई। भारत विकास परिषद 'सुरभि' द्वारा आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह से पूर्व रविवार को महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में मेहंदी एवं महिला संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समारोह में परिणय सूत्र में बँधने जा रहीं छह निर्धन बेटियों के हाथों पर मेहंदी रचाई गई। 'सुरभि' की महिलाओं ने मंगल गीत गाए। इस दौरान सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उपहारों का संग्रह भी किया। 
अध्यक्ष निधि अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में 4 मई, सोमवार को सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे जैन स्मृति भवन जयपुर हाउस से वरयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे महाराजा अग्रसेन भवन लोहामंडी में वरमाला और आशीर्वाद समारोह होगा। दोपहर 1:30 बजे सात फेरे लिए जाएंगे। शाम 4: बजे बेटियों को विदा करते हुए उनको घर गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
__________________________________________
प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर स्मारकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
आगरा, 03 मई। अधिवक्ता केसी जैन ने फतेहपुर सीकरी स्मारक परिसर में हुई जघन्य घटना के संदर्भ में प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर देशभर के “भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण” द्वारा संरक्षित स्मारकों में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उठाया गया है। पत्र में पूरे देश के स्मारकों में सुरक्षा को लेकर व्यापक सुधार की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
गौरतलब है कि फतेहपुर सीकरी में 19 वर्षीय छात्रा के साथ शनिवार को दिन-दहाड़े बलात्कार की वारदात हुई। पुलिस ने आठ घंटे के प्रयासों में अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। 
पत्र में कहा गया कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि एक ऐसी चेतावनी है, जो हमें बताती है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किए गए, तो ऐसे स्थल पर्यटकों और विशेषकर महिलाओं के लिए असुरक्षित बन सकते हैं। प्रमुख स्मारकों के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किये जाने की जरूरत है। 
__________________________________________