पकड़ी गई 25 लैपटॉप ठगने वाली महिला और तीन साथी, 38 लैपटॉप और 74 हजार रुपये बरामद
आगरा, 21 मई। थाना हरिपर्वत पुलिस और साइबर सेल की टीम ने लैपटॉप खरीद के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह की महिला समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से ठगी के 38 लैपटॉप और 74 हजार रुपये बरामद किए।
गौरतलब है कि एमजी रोड स्थित एम्पायर कंप्यूटर सर्विसेज के संचालक ने विगत 16 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला ने अपनी कंपनी का नाम अमाडेस आईटी ग्रुप्स बताकर 25 लैपटॉप खरीदने का ऑर्डर दिया था। महिला और उसके साथियों को लैपटॉप दे दिए गए, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बाद में महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया। साइबर सेल की टीम जांच में जुटी। पीड़ित के निरंतर प्रयासों से थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई तेज करते हुए चार आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों में पवन कुमार गुर्जर, मयंक चौहान, आशीष बत्रा और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 38 लैपटॉप विभिन्न कंपनियों के बरामद किए।
पूछताछ में महिला ने बताया कि गिरोह दुकानदारों को बड़ी कंपनियों के नाम पर झांसा देकर लैपटॉप हासिल करता था। इसके बाद लैपटॉप को अलग-अलग राज्यों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था। गिरोह पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments