मनीष बंसल आगरा के नए जिलाधिकारी बने, बंगारी मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बनाए गए || मुख्य चुनाव आयुक्त के दामाद हैं मनीष

आगरा, 20 अप्रैल। प्रदेश सरकार ने रविवार की देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पंद्रह जिलों के जिलाधिकारी सहित 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल को आगरा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी का तबादला लखनऊ कर दिया गया है, अब वे मुख्यमंत्री के विशेष सचिव होंगे। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी 15 सितंबर, 2024 को आगरा के जिलाधिकारी बने थे।
नए जिलाधिकारी मनीष बंसल देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं। मनीष की पत्नी मेधा रूपम गाजियाबाद की जिलाधिकारी हैं। 
इसके अलावा, ताजनगरी के ऊर्जा महकमे में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। बुलंदशहर की जिलाधिकारी श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
अन्य तबादलों में देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त भी बदले गए हैं। इनके अलावा मुख्य विकास अधिकारी के साथ ही सचिव स्तर के अधिकारी और विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों तक इसमें शामिल हैं। विकास प्राधिकरणों में भी फेरबदल करते हुए झांसी और हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बदले गए हैं। वहीं कई मुख्य विकास अधिकारियों को नए जिलों में भेजा गया है। 
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments