सोशल मीडिया पर घमासान: रामेश्वर का सवाल- "कम आयो हूं, पर गंगाजल लेके आयो हूं, अब पूछो- गंगाजल कहां है?" || सांसद चाहर का जवाब- "जो मजाक उड़ा रहे हैं, गंगाजल आने पर डूब के मरेंगे नहीं। सब जानते हैं इन पापियों को"
आगरा, 20 अप्रैल। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और यहां से विधायक बाबूलाल के पुत्र रामेश्वर के बीच की तकरार एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
दो दिन पहले एक सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम के मंच से शुरू विवाद अब सोशल मीडिया पर जारी है। सांसद की सोशल मीडिया पर टिप्पणी के बाद यह और बढ़ गया है। क्षेत्र के लोग अब इस पर अपने कमेंट कर रहे हैं।
दरअसल फतेहपुर सीकरी के विधायक बाबूलाल 17 अप्रैल को रैपुरा अहीर गांव में सड़क के शिलान्यास के लिए पहुंचे थे। उनके साथ मंच पर बेटे रामेश्वर चौधरी भी थे। विधायक की मौजूदगी में रामेश्वर चौधरी ने सांसद पर टिप्पणी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जो सांसद हैं वे लोकसभा चुनाव के दौरान कह रहे थे कि कम आयो हूं, पर गंगाजल लेके आयो हूं। अब उनसे पूछो- गंगाजल कहां है? योजना तो देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में लागू है। उससे आगरा अभी तक वंचित है। फतेहपुर सीकरी में 2026 तक गंगाजल नहीं आया। सड़कें टूटी पड़ी हैं। उन पर गिरकर माताएं और बहनें चोटिल हो रही हैं।
रामेश्वर चौधरी ने यह वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया। यूजर्स इसको लेकर शेयर करने लगे।
इसके बाद रविवार को सांसद राजकुमार चाहर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के हर घर गंगाजल पहुंचेगा यह गारंटी मोदी, योगी की है। कुछ विपक्षी गद्दार जो गंगाजल आने का मजाक उड़ा रहे हैं, गंगाजल आने पर वो गंगाजी में डूब के मरेंगे नहीं। सब जानते हैं इन पापियों को।
उनकी इस पोस्ट पर लोग अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। इससे पहले सांसद और विधायक के बीच की तकरार में फिर चर्चा का विषय बन गई है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के प्रत्याशी बने राजकुमार चाहर का उनकी हो पत्ती के विधायक बाबूलाल ने खुलकर विरोध किया था। उन्होंने अपने बेटे रामेश्वर को उनके खिलाफ निर्दलीय मैदान में उतारा था। हालांकि उस चुनाव में रामेश्वर को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दिन के बीच आई कड़वाहट दूर नहीं हो सकी। अब अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले यह रार फिर से बढ़ती जा रही है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments