होम साइंस कैम्पस के गर्ल्स हॉस्टल में आग से अफरातफरी, साहसी छात्राओं ने खुद किया आग पर काबू
आगरा, 19 अप्रैल। डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के होम साइंस इंस्टीट्यूट खंदारी स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रविवार की दोपहर को आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से धमाके होने और आग का धुआं भरने से अंदर फंसी छात्राओं में दहशत फैल गई। हॉस्टल स्टाफ और कुछ छात्राओं ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस का कहना है कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 12 बजे लगी इस आग को हॉस्टल में मौजूद स्टाफ ने बुझाने का प्रयास किया। आग देखकर दहशत में आईं छात्राएं चीखने लगीं। शॉर्ट सर्किट के चलते बिजली के तारों में रह-रह कर चिंगारी उठ रही थी। कुछ छात्राएं अंदर फंस गई। हॉस्टल कर्मचारी के साथ ही कुछ छात्राएं हिम्मत करके आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया।
बताया गया है कि हादसे के समय हॉस्टल में करीब 70 छात्राएं थीं। सूचना पर वार्डन भी पहुंच गई। छात्राएं घबराई हुई थीं। घबराई छात्राएं वार्डन से गले लगकर रोने लगीं। वार्डन ने उन्हें संभाला। विश्व विद्यालय की जन संपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना ने मीडिया को बताया कि साहसी छात्राओं ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, कोई हताहत नहीं हुआ।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments