कमलानगर में स्कूटी की दुकान में आग, चार स्कूटी जली, धमाके के साथ फटीं बैटरियां, आग बुझाने में एसआई और जवान के हाथ झुलसे

आगरा, 28 अप्रैल। प्रचंड गर्मी का दौर शुरू होने के साथ ही आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी हो गई है। शहर में सोमवार को दो स्थानों पर अग्निकांड की घटनाओं के के अगले दिन आज मंगलवार को कमलानगर सुभाषनगर स्थित एक दुकान आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड में चार इलेक्ट्रिक स्कूटी जल गईं और दुकान का पूरा फर्नीचर और ऑटो पार्ट्स जल गए। दुकान में रखीं स्कूटी की बैटरियां आग की चपेट में आकर धमाके के साथ फट गईं, जिससे आसपास के निवासियों के हड़कम्प मच गया। 
आग से किसी जनहानि को सूचना नहीं है। आग बुझाने के प्रयास में एक पुलिस उपनिरीक्षक और एक दमकलकर्मी के हाथ झुलस गए। तीन मंजिला भवन के भूतल पर स्थित इस दुकान में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने से ऊपरी मंजिल पर रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया और एक घंटे के प्रयास से आग पर काबू पा लिया।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने बताया कि कमलानगर सुभाषनगर रोड पर शालीमार टेलीफोन एक्सचेंज के सामने कृष्णा प्लाजा में दुकान नंबर 12 में यह आग दोपहर करीब 1.35 बजे लगी। शुरुआत में लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन काबू न होते देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की दो दमकलों ने पहुंच कर आग पर काबू पाया। 
दुकान मालिक संतोष गर्ग ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया। दुकान में इलेक्ट्रिक स्कूटी की सेल्स एंड सर्विस का कार्य होता था। दुकान खुली हुई थी, लेकिन आग लगने के कारण उसका शटर नीचे आ गिरा, इससे आग बुझाने में दिक्कत आई। 
एफएसओ सोमदत्त ने बताया कि शटर को ऊपर उठाने के प्रयास में कमलानगर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक विशाल कुमार वर्मा और दमकल कर्मी रामकेश के हाथ झुलस गए। उन्हें चिकित्सकीय उपचार दिलाया गया। बाद में गाटर और पत्थर की मदद से शटर उठाकर आग को बुझाया गया।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments