मैरिज होमों से जेवर, नकदी भरे बैग उड़ाने वाला गिरोह फिर सक्रिय, हैरिटेज गार्डन से उड़ाया सवा चार लाख का बैग

आगरा, 23 अप्रैल। शादियों के सीजन में शहर में मैरिज होमों से जेवर और नकदी भरे बैग उड़ाने वाला गैंग फिर सक्रिय हो गया है। ऐसे ही एक गैंग के सदस्यों ने विगत सोमवार को एत्माद्दौला क्षेत्र के हैरिटेज गार्डन मैरिज होम से करीब सवा चार लाख रुपये के बैग पार कर दिये। सूचना पर पहुंची पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शादी समारोह में मेहमान बनकर घुसे चोर मौका हाथ लगते ही दूल्हे के पिता और मां के नोटों से भरे बैग चोरी कर ले गए। दोनों बैग में करीब 4.20 लाख रुपये की नकदी व एक अंगूठी थी। पीड़ित परिवार ने चेक किया तो शादी की वीडियो रिकार्डिंग और सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान की जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया कि राजनगर कालोनी शाहदरा निवासी रामदास अग्रवाल की रामबाग चौराहे पर बर्तन की दुकान है। उनके बेटे योगेश अग्रवाल की सोमवार 20 अप्रैल को शादी थी। शादी का कार्यक्रम हाथरस रोड स्थित हैरिटेज गार्डन में था।
रिश्तेदार और मेहमानों की भीड़ के बीच रात तीन चोर मैरिज होम में दाखिल हो गए। चोरों ने पहले भोजन का आनंद लिया और उसके बाद सोफे पर रखे रामदास अग्रवाल व उनकी पत्नी के बैग चोरी कर लिये।
रामदास अग्रवाल का कहना है कि उनके बैग में तीन लाख रुपये नकद रखे थे। पत्नी के बैग में 1.20 लाख रुपये व एक अंगूठी रखी थी।
वीडियो फुटेज में तीन संदिग्ध युवक मैरिज होम में नजर आ रहे हैं। इन्हीं में से एक युवक बैग ले जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है। वारदात के बाद तीनों युवक बाइक से फरार हो गए।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments