हादसा: बेलनगंज में केनरा बैंक शाखा की बिल्डिंग ढही, बाल-बाल बचे लोग, राहत और बचाव कार्य शुरू
आगरा, 23 अप्रैल। थाना छत्ता के अंतर्गत बेलनगंज भैरों बाजार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे केनरा बैंक शाखा की एक पुरानी बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। बिल्डिंग गिरने के पीछे बराबर की जमीन पर कार्य करा रहे बिल्डर की लापरवाही बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने भीड़ को हटाकर क्षेत्र को घेर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर किसी को भी पास नहीं जाने दिया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी सुशील बंसल ने बताया कि वे केनरा बैंक शाखा परिसर में ही मौजूद थे। वे बैंक प्रबंधक और प्रकाश जनरेटर कंपनी के प्रतिनिधि के साथ मैनेजर चैंबर बैठे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ दो मंजिला बिल्डिंग का हिस्सा गिरने लगा। हालात बिगड़ते देख अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। राहत की बात यह रही कि लोग समय रहते बाहर निकल आए।
घटना लंच टाइम के दौरान हुई, जब बैंक के अंदर कर्मचारी और ग्राहक मिलाकर करीब 20-25 लोग मौजूद थे। सभी बाहर निकल आए। एक व्यक्ति बैंक के शौचालय में थे, लेकिन उन्हें भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के एक हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि दूसरे हिस्से में बैंक का कामकाज जारी था। बिल्डर राजेश द्वारा बेसमेंट की खुदाई कराई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिल्डिंग काफी पुरानी थी और उसमें निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे उसकी संरचना कमजोर हो गई थी। हादसे के बाद आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
राहत और बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने अभी किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मलबा हटने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
बता दें कि केनरा बैंक की बेलनगंज शाखा में बड़ी संख्या में व्यापारियों के खाते हैं। अनेक व्यापारियों के माथे पर यह शिकन भी दौड़ गई कि अब स्थिति सामान्य होने तक उनका लेनदेन रुक जाएगा।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments