कंसल ने लिखाया मगन के खिलाफ तीन करोड़ की चौथ मांगने का मुकदमा, कोर्ट के आदेश पर जांच में जुटी न्यू आगरा पुलिस

आगरा, 19 जून। कमलानगर निवासी कारोबारी उमेश अग्रवाल उर्फ उमेश कंसल द्वारा लॉयर्स कॉलोनी निवासी तेजपाल मगन और उनके पुत्र रोहित मगन के खिलाफ तीन करोड़ रुपये की चौथ मांगे जाने का मुकदमा लिखाए जाने के बाद थाना न्यू आगरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। 
दोनों पक्षों के बीच भूमि संबंधी विवाद बताया गया है। उमेश का दावा है कि उनके पास भूमि खरीद से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद हैं और उन्हें परेशान करने के लिए तीन करोड़ रुपये की चौथ मांगी जा रही है। 
उमेश अग्रवाल उर्फ उमेश कंसल ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि उन्होंने लायर्स कालोनी स्थित संपत्ति का यशपाल मगन पुत्र शिवचरण मगन से चार करोड़, 71 लाख में सौदा तय कर 27 नवंबर, 2025 को अपने नाम रजिस्टर्ड बैनामा कराया था। भुगतान करने के बाद भवन निर्माण के लिए पुराने निर्माण को तुड़वा दिया। विक्रेता यशपाल मगन के भाई तेजपाल मगन व उनके पुत्र रोहित मगन द्वारा मजदूरों से गाली-गलौज, झगड़ा-फसाद कर अवरोध पैदा करना शुरू कर दिया गया। निर्माण करने पर तीन करोड़ रुपये की चौथ मांगी। विगत 24 मई को गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
मामले की सुनवाई करते हुए सीजेएम शारिब अली ने विगत आठ जून को तेजपाल मगन निवासी लायर्स कालोनी और उनके पुत्र रोहित मगन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना के आदेश थानाध्यक्ष न्यू आगरा को दिए।
उमेश कंसल का कहना है कि यशपाल मगन और तेजपाल मगन आपस में भाई हैं। यशपाल मगन ने अपना हिस्सा उन्हें बेच दिया है, जिसके सभी वैध दस्तावेज और दोनों भाइयों के बीच बंटवारे का शपथपत्र व नक्शा उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध वसूली के इरादे से उन्हें परेशान किया जा रहा है। 
दूसरी ओर रोहित मगन ने चौथ मांगने के आरोप को नकारते हुए कहा कि भूमि विवाद को लेकर उन्होंने सिविल मुकदमा भी दायर किया है। इसकी अगली सुनवाई आगामी जुलाई माह में प्रस्तावित है।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments