अग्निशमन सप्ताह शुरू, जागरूकता रैली निकाली गई, बीस तक होंगे कई कार्यक्रम

आगरा, 14 अप्रैल। अग्निशमन विभाग द्वारा हर साल मनाए जाने वाला अग्निशमन सप्ताह मंगलवार से शुरू हो गया। बीस अप्रैल तक चलने वाले इस सप्ताह के अंतर्गत अग्निशमन को लेकर जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। 
ईदगाह स्थित मुख्य अग्निशमन कार्यालय में इस सप्ताह की शुरुआत विभाग के शहीद कर्मियों को नमन के साथ हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर समेत अन्य अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने एक-दूसरे को विभाग की पिन, फ्लैग भी लगाये।
एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने बताया कि वर्ष 1944 में मुंबई में सेंट स्टीफन नामक जहाज में लगी आग में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की याद में हर वर्ष पूरे देश में अग्निशमन जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है।
इस बार भी प्रदेश के डीजीपी फायर सुजीत पांडे के निर्देशानुसार सभी जिलों में 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह का नारा है- "सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं जागरूक समाज।"
सप्ताह के पहले दिन शहीदों को श्रद्धांजलि के बाद समस्त फायर स्टेशन क्षेत्रों में रैली निकाल कर जनता को जागरूक किया गया।
पंद्रह अप्रैल को जनपदीय मुख्यालय व तहसील स्तर पर विद्यमान फायर स्टेशनों के सहयोग से शिक्षा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित निबन्ध, चित्रकला एवं व्याख्यान का आयोजित किए जायेंगे। 16 से 19 अप्रैल तक जनपदीय मुख्यालय व तहसील स्तर पर बहुखण्डीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सभागारों का निरीक्षण, अग्निसुरक्षा से संबंधित जनजागरण करना, समाज को आग की रोकथाम के लिए एक साथ आगे आने के प्रयास किए जाएंगे, बहुखण्डीय भवनों में अग्नि निवारण, जीवन संरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच एवं मॉक ड्रिल हेतु अभियान चलाये जाएंगे। गोष्ठी हेतु व्यापार मण्डल के व्यक्तियों एवं नागरिकों को बुलाकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सप्ताह के अंतिम दिन 20 अप्रैल को ग्रामीण अंचलों में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments