परशुराम चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ने और नीला झंडा लहराने से ब्राह्मण समाज में आक्रोश
आगरा, 14 अप्रैल। डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी में रैली के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि कुछ लोग परशुराम चौक के ऊपर जूते- चप्पल पहनकर चढ़ गए, वहां पर नीला झंडा लगा दिया, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और रेलिंग को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने किसी प्रकार की तोड़फोड़ होने से इंकार किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर करीब साढे़ 12 बजे बाबा साहब के अनुयायी आवास विकास से रैली निकाल रहे थे। इस दौरान रैली में शामिल कुछ अराजक तत्व सेक्टर 6 में स्थित परशुराम चौक पर जूते-चप्पल पहनकर चढ़ गए। ब्राह्मण समाज के लोगों का आरोप है कि उन्होंने वहां पर पहले से लगे झंडे को हटाना चाहा। वहां पर नीला झंडा लगा दिया। सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और इसका वीडियो बनाकर वायरल किया।
जानकारी होने पर ब्राह्मण समाज के लोग परशुराम चौक पर पहुंच गए। सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि तब तक रैली में शामिल लोग वहां से जा चुके थे। बताया गया है कि थोड़ी देर बाद वहां से दूसरी रैली निकली। ब्राह्मण समाज के लोग भी वहीं खडे़ थे। रैली में शामिल लोग और ब्राह्मण समाज के लोग भी नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
इस बारे में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया से कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर रैली निकल रही थी। इस दौरान कुछ युवकों ने चौराहे पर झंडा फहराया। किसी भी प्रकार का कोई तनाव नहीं है। न ही परशुराम चौक पर कोई तोड़फोड़ की गई। कुछ लोगों ने अफवाह फैलाई थी। एहतियातन पुलिस को परशुराम चौक पर भेजा गया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments