रूसी महिला पर्यटक ने आगरा को कहा असुरक्षित, इंस्टाग्राम पर दी रेटिंग ने छेड़ी नई बहस

आगरा, 09 अप्रैल। एक रूसी महिला पर्यटक के सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ताजनगरी को कम सुरक्षित भारतीय शहरों में रखा गया है। इस महिला ने देश के विभिन्न पर्यटन नगरियों का भ्रमण करने के बाद उन्हें अपने वीडियो में रेटिंग दी है, जहां कुछ शहरों को दस में से नौ अंक भी दिए गए हैं तो आगरा को केवल तीन अंक देकर असुरक्षित शहरों में शामिल कर दिया गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद से आम जनमानस में तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अलीशा नाम की रूसी पर्यटक ने अपने निजी अनुभव के आधार पर अपने घूमे हुए शहरों को  इंस्टाग्राम पर 10 में से रेटिंग दी है। इसमें आगरा को सुरक्षा के लिहाज से दस में से तीन और दिल्ली को दो रेटिंग दी गई है। अलीशा ने इसकी कोई ठोस वजह नहीं बताई। इस रेटिंग ने बहस छेड़ दी है कि उत्तर भारत के इन दो शहरों में विदेशी महिलाओं को सुरक्षा की कमी महसूस होती है। पोस्ट पर रिएक्शन देख अलीशा ने लिखा है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिलेंगे।
रेटिंग को लेकर आगरा के लोग भी लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ लोग लिख रहे हैं कि आगरा और दिल्ली जैसे शहरों को छोड़कर सेवन सिस्टर्स घूमने जाओ। एक यूजर ने कमेंट किया कि आगरा से यही उम्मीद थी। एक कमेंट में कहा गया- मैं आगरा से हूं और यकीन मानिए, इसे 3 अंक भी नहीं मिलने चाहिए... यह तो नेगेटिव में ही होना चाहिए। एक ने तो यहां तक लिख दिया कि दिल्ली को शून्य मिलना चाहिए।
वहीं कई लोग आगरा की खराब रेटिंग से हैरत में हैं और इसे दुष्प्रचार कह रहे हैं। कई राज्यों और शहरों के लोग कह रहे हैं कि हमारे यहां घूमने आइए, सब अच्छा मिलेगा। 
अलीशा ने सेफ्टी मीटर के अनुसार 9-9 अंक पाकर मनाली और ऋषिकेश सबसे सुरक्षित जगह हैं। इसके बाद 8-8 की रेटिंग के साथ जयपुर और गोवा सुरक्षा के लिहाज से घूमने के लिए सही हैं। जोधपुर को उन्होंने 7 रेटिंग दी है। आगरा को डरावना बताते हुए 3 रेटिंग दी, जबकि दिल्ली को दो रेटिंग के साथ सबसे असुरक्षित शहर करार दिया।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments