.... तो दुकानों की चाबियां सौंप देंगे नगरायुक्त को! व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर जताया ट्रेड लाइसेंस शुल्क का विरोध
आगरा, 09 अप्रैल। आगरा व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नगर निगम पहुंच कर अनाप-शनाप ट्रेड लाइसेंस शुल्क थोपे जाने पर रोष जताया। व्यापारियों ने ऐलान किया कि यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो वे सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे और अपनी दुकानों को ताला लगा कर चाबियां नगर आयुक्त को सौंप देंगे।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जब ट्रेड लाइसेंस शुल्क पर वर्ष 1996 में चर्चा हुईं तब प्रदेश में जी एस टी लागू नहीं था, अब देश में जी एस टी लागू है राज्य व नगर निगम को वहां से कर मिल रहा है, आखिर व्यापारी कितने करों का भुगतान करेगा। व्यापारियों का कहना था कि जब सभी तरह के कर व्यापारी दे रहा है तो फिर ट्रेड लाइसेंस शुल्क का क्या औचित्य है। जलकर सीवर कर गृह कर नगर निगम को दे रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश व सेंट्रल के सभी करो का भार झेल रहे हैं। सभी ने ट्रेड लाइसेंस शुल्क वापस लिए जाने की पुरजोर मांग की।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार यादव व सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने व्यापारियों की शिकायत को सुना और नगर आयुक्त के समक्ष पूरे मामले को रखने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जय पुरसनानी, नितेश अग्रवाल बृजमोहन रैपुरिया, डीपी गोयल, कुलभूषण गुप्ता, राजीव गुप्ता, राकेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, अशोक लालवानी, अशोक अग्रवाल व अन्य व्यापारी शामिल थे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments