सुभाष पार्क से लेकर मारुति स्टेट तक इंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त मार्ग बनेगा
आगरा, 08 अप्रैल। सीएम-ग्रिडस (चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) परियोजना के अंतर्गत सुभाष पार्क से लेकर मारुति स्टेट रोड तक इंटीग्रेटेड सुविधाओं से युक्त मार्ग का निर्माण स्वीकृत किया गया है।
परियोजना के अंतर्गत आरसीसी व्हाइट टैपिंग तकनीक से सड़क निर्माण होगा। यह सड़क डामर नहीं, बल्कि सीमेंट कंक्रीट तकनीक से बनाई जाएगी। सड़क के किनारे यूटिलिटी डक्ट का निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में फोन, इंटरनेट, गैस या अन्य केबल बिछाने के लिए सड़क को बार-बार न खोदना पड़े। सड़क निर्माण के साथ ही सीवर लाइन एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। पूरी सड़क पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। डिवाइडर पर वृक्षारोपण होगा। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ और वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था इस परियोजना का हिस्सा होगी। निर्माण कार्य पूरा होने के पश्चात ठेकेदार द्वारा इस सड़क की अगले पांच वर्षों तक पूर्ण रखरखाव की गारंटी ली जायेगी।
यह जानकारी प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि योजना के दूसरे चरण में मारुति एस्टेट क्रॉसिंग से हनुमान मंदिर 100 फुटा रोड तक दोनों साइड सीसी फर्श, सीवर का कार्य, वाटर सप्लाई कार्य, विद्युत के नये पोल लगाना एवं यूटिलिटी के कार्य लगभग 3205 लाख रुपये की से स्वीकृत कराया जाएगा।
इस दौरान उपाध्याय ने शाहगंज स्थित रामस्वरुप कॉलोनी और बीके पुरम कॉलोनी की जर्जर सड़क के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी किया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments