Agra News: खबरें आगरा की......

भाजपा नेता ने ओलावृष्टि पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता 
आगरा, 08 अप्रैल। भाजपा नेता यशपाल चौधरी ने बुधवार को विधानसभा फतेहपुरसीकरी क्षेत्र के ग्राम मई बुजुर्ग में ओलावृष्टि से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया और नौ पीड़ित परिवारों को 11- 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इन्हीं परिवारों में एक कैंसर पीड़ित एवं एक दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल थे। यशपाल चौधरी ने कैंसर पीड़ित के आजीवन इलाज का जिम्मा लेने का संकल्प लिया, वहीं दिव्यांग के लिए ट्राई साइकिल की व्यवस्था की गई। उन्होंने सभी पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि यदि सरकारी स्तर पर पर्याप्त सहायता नहीं मिलती है, तो उनके मकानों के निर्माण एवं आवश्यक उपचार का खर्च उठाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान अशोक चौधरी, राजेंद्र सिंह, विक्रम राणा, समुंद्र सिंह, नेत्रपाल सिंह एवं बसंत परमार भी मौजूद रहे।
_________________________________________
अकादमिक और शोध लेखन कौशल पर कार्यशाला
आगरा, 08 अप्रैल। दयालबाग शिक्षण संस्थान में दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को हुआ। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और विशेषज्ञों को एक साथ लाया गया है, जिसका उद्देश्य संकाय सदस्यों और शोधार्थियों के बीच शोध लेखन क्षमता को बढ़ाना है। उद्घाटन सत्र में संस्थान निदेशक प्रोफेसर सी. पटवर्धन ने अकादमिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उच्च गुणवत्ता वाले शोध लेखन के महत्व पर जोर दिया।
एआईयू-डीईआई-एएडीसी प्रोफेसर ज्योति गोगिया ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को रेखांकित किया। वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. पमी दुआ, डॉ. वेंकटेश सर्वसिद्धि ने भी मार्गदर्शन किया। प्रोफेसर रूपाली सत्संगी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
_________________________________________
नशा उन्मूलन सेमिनार में युवाओं को जागरूक रहने का संदेश
आगरा, 08 अप्रैल। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सेठ पदमचंद प्रबंध संस्थान में नशा उन्मूलन विषयक एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता मद्य निषेध विभाग के विमल साहू ने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट एवं मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है, जो युवाओं के मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक जीवन पर गहरा प्रभाव डाल रहा है। विशिष्ट वक्ता हरिपर्वत थाने की निरीक्षक वैशाली चौधरी ने कहा कि “अधिकांश मामलों में परिवारों के विघटन का प्रमुख कारण नशा होता है। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं में भी नशा एक महत्वपूर्ण कारक के रूप में सामने आता है।” 
कार्यक्रम में प्रोफेसर भूपेन्द्र स्वरूप शर्मा भी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. पूनम तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन सह-अधिष्ठाता डॉ. रुचिरा प्रसाद ने किया।
_________________________________________
कांग्रेसियों ने असम के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका 
आगरा, 08 अप्रैल। शहर कांग्रेस कमेटी एससी एसटी प्रकोष्ठ के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने खेरिया मोड़ चौराहे पर असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। 
उपस्थित लोगों में अश्वनी कुमार बिट्टू शहर अध्यक्ष, अज़हर वारसी, तरुण सागर, अमीचंद जाटव, लता कुमारी, भूरी सिंह डंपी, बासित अली, बंटी खान, धर्मेंद्र सिंह, उमेश कुमार, निशांत सिंह, विवेक सिंह, देवी सिंह, सोनू कन्नौजिया मौजूद रहे।
_________________________________________
हस्तशिल्प कैश एंड कैरी सेंटर खोलेगी ईपीसीएच
आगरा, 08 अप्रैल। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) का कहना है कि मुरादाबाद में पहला कैश एंड कैरी सेंटर शुरू होने के बाद अब ऐसे और सेंटर खोलने की योजना है। 
इसके साथ ही हैंडीक्राफ्ट सेक्टर में टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करने के लिए प्रस्तावित हैंडीक्राफ्ट टेक्नोलॉजी मिशन, मुरादाबाद में एक 3डी स्टूडियो का डेवलपमेंट, जयपुर में टेस्टिंग फैसिलिटी का अपग्रेडेशन, जोधपुर में एक नई टेस्टिंग लैब, अमेरिका और यूरोप में वेयरहाउसिंग और ड्रॉप-शिपिंग मॉडल तैयार करना और आईएचजीएफ दिल्ली मेला ऑटम 2026 (13–17 अक्टूबर, ग्रेटर नोएडा) के लिए अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़ाव बढ़ाना जैसे कदम शामिल हैं।
परिषद की विज्ञप्ति के अनुसार, देश के हस्तशिल्प सेक्टर को आगे बढ़ाने और उसे आधुनिक बनाने के लिए दूरदर्शी योजना बनाई गई है। इस पूरे रोडमैप में खास तौर पर मार्केट तक आसान पहुंच, उत्पादन को अपग्रेड करना, क्वालिटी स्टैंडर्ड मजबूत करना और कारीगरों और निर्यातकों को सीधे इंटरनेशनल मार्केट से जोड़ना शामिल है ।
ईपीसीएच के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना, मेंबर सीओए और कन्वीनर- सेंट्रल रीजन अवधेश अग्रवाल, ईपीसीएच के मेंबर सीओए सलमान आजम, रोहित ढल, नावेद उर रहमान और राशिम दुग्गल ने कहा कि ईपीसीएच का फोकस भारत के हस्तशिल्प सेक्टर को दुनिया का सबसे पसंदीदा सोर्सिंग डेस्टिनेशन बनाना है। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments