बोधित्व शैली पर बन रहा सम्राट अशोक का महल,वो भीमनगरी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में
आगरा, 09 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव पर ग्यासपुरा क्षेत्र में होने जा रहे भीमनगरी महोत्सव के पोस्टर का गुरुवार को आयोजन समिति ने विमोचन किया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 से 17 अप्रैल तक तीन दिवसीय भीमनगरी महोत्सव के लिए जीआईसी मैदान पर विशाल मंच आकार ले चुका है। मंच को इस बार बोधित्व शैली पर सम्राट अशोक के महल का रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को चक्कीपाट से परंपरागत शोभायात्रा निकलेगी। सौ से अधिक सामाजिक संदेश देते हुए और झांकियां निकाली जायेंगी और जीआईसी मैदान पर बने भीमनगरी के मंच पर बाबा साहेब के जन्मदिन का केक कटा जायेगा और संगीत संध्या का आयोजन होगा। 15 अप्रैल को भीमनगरी महोत्सव का उद्द्घाटन समारोह होगा। 16 अप्रैल को बौद्ध रीति से दहेज़ रहित सौ जोड़ों के सामूहिक विवाह होंगे। 17 अप्रैल को समापन पर प्रबुद्ध वर्ग व मेधावी सम्मान समारोह में लगभग 250 बच्चों का सम्मान और अगली भीमनगरी स्थल की औपचारिक घोषणा होगी।
सौ दूल्हों की बारात तहसील से जीआईसी मैदान पहुंचेगी। भीम नगरी मंच से संविधान निर्माता बाबा साहेब का सन्देश पांच किलोमीटर तक शहर की गलियों में सुनाई दे उसके लिए पहली बार बटक साउंड लगाया जा रहा है। ग्यासपुरा और शाहगंज के साथ-साथ करीब छह किलोमीटर तक भव्य विद्युत सजावट की जा रही है। विशेष संगीत संध्या के लिए गायक अनुज जाटव पियावली व इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा का कार्यक्रम मंच पर होगा। प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। एक क्यूआर कोड के माध्यम से फेसबुक और इंस्टाग्राम के प्लेटफार्म पर भीमनगरी की समस्त गतिविधि को घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से देश-विदेश में देखा जा सकेगा।
जानकारी देने वालों में क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर, महामंत्री महेंद्र सिंह, संयोजक राहुल सागर, केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी और महामंत्री श्याम जरारी शामिल थे।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments