दिनदहाड़े फायरिंग से फैली अफरातफरी, रंजिशन हमला

आगरा, 09 अप्रैल। थाना शाहगंज के अंतर्गत कमाल खां क्षेत्र में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े गोलियां चलने से अफरातफरी मच गई। बदमाशों ने एक महिला पर जानलेवा हमला किया, लेकिन निशाना चूक जाने से वह बाल-बाल बच गईं। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कमाल खां क्षेत्र की रहने वाली जन्नत के बेटे टाइगर के परिचित का छह माह पहले नरीपुरा निवासी कलुआ से विवाद हो गया था। उस समय टाइगर ने बीच-बचाव कराया था। आरोप है तभी से कलुआ रंजिश मानने लगा। इसी रंजिश को लेकर कलुआ ने अपने भाई राजा, कन्हैया, बेटे अमन और अन्य लोगों के साथ पहले सराय ख्वाजा क्षेत्र में बेटे के परिचितों पर हमला किया, फिर हमलावर सीधे जन्नत के घर पहुंच गए। 
शोर सुनकर जन्नत बाहर निकलीं तो कलुआ ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली उनके बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपी ने दो और गोलियां चलाईं। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। बेटे टाइगर के घर पर नहीं होने की पुष्टि करने के बाद आरोपी धमकी देते हुए चले गए। पूरी वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। कुछ युवकों ने भी चोरी-छिपे वीडियो बना लिए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जन्नत के परिजनों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पुलिस को कारतूस के खोखे मिले हैं। शाहगंज थाना प्रभारी का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments