आगरा के डेढ़ दर्जन प्रमुख स्कूलों की मान्यता रद्द करने की तैयारी!!
आगरा, 21 अप्रैल। शिक्षा विभाग शहर के डेढ़ दर्जन प्रमुख स्कूलों की मान्यता रद्द करने की तैयारी कर रहा है। इन विद्यालयों पर आरोप हैं कि वे शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत प्रवेश पाने वाले बच्चों के अभिभावकों से अतिरिक्त अभिलेख मांगने, वेरिफिकेशन के नाम पर परेशान कर रहे हैं और प्रवेश नहीं दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने ऐसे 18 स्कूलों को नोटिस जारी किए हैंं। इन स्कूलों को यू-डायस पोर्टल से स्थायी रूप से भी हटाने की तैयारी है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ ने मीडिया से कहा कि आरटीई में चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश में लापरवाही बरतने पर 18 स्कूलों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं।
इनमें होली पब्लिक किड्स स्कूल, आलमगंज लोहामंडी, होली पब्लिक जूनियर स्कूल दिल्ली गेट, होली पब्लिक जूनियर स्कूल शाहगंज, दिल्ली पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम, दिल्ली पब्लिक स्कूल पोइया घाट, दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल देवरी रोड, गायत्री पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम, होली पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम, होली पब्लिक जूनियर कॉलेज आवास विकास कॉलोनी, होली लाइट पब्लिक स्कूल साकेत कॉलोनी, गायत्री पब्लिक स्कूल, मंडी सईद खां, होली पब्लिक स्कूल, सिकंदरा, सेंट विल्स स्कूल, नटराज एस्टेट ग्वालियर रोड, अलकनंदा एकेडमिक स्कूल ताल सेमरी, देवरी रोड, श्रीराम सेंटेनियल स्कूल, सेंट जॉर्जेज स्कूल यूनिट-2 बाग मुजफ्फर खां, रागेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल आवास विकास सेक्टर-10 शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि कई विद्यालय अभिभावकों से अनावश्यक दस्तावेज मांग रहे हैं और सत्यापन के नाम पर प्रवेश टाल रहे हैं, यदि विद्यालयों ने तत्काल आरटीई प्रवेश नहीं दिया तो उनके खिलाफ मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments