सफाई कर्मचारी ने पर्यटकों के लिए बंद ताजमहल की मीनार से बनाया वीडियो, एएसआई ने नौकरी से निकाला
आगरा, 28 अप्रैल। पर्यटकों के लिए बंद ताजमहल की चार मीनारों में से एक मीनार पर चढ़ कर बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इस वीडियो को बनाने वाले कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया है। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्रों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के मोबाइल फोन रखने पर रोक लगा दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो इट्स विशाल भाई नाम के इंस्टाग्राम एकाउंट पर पोस्ट किया गया। वीडियो में ताजमहल का 360 डिग्री का व्यू दिखाया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एसआई) ने जब जांच कराई गई तो सामने आया कि वीडियो एक कर्मचारी द्वारा बनाया गया है।
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने मीडिया से कहा कि यह वीडियो पांच से छह दिन पुराना है। यह वीडियो ताजमहल पर संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारी ने बनाया था। वीडियो को डिलीट करा दिया गया है और सफाई कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया गया है।
इसके साथ ही ताजमहल की मीनार, गुंबद और भूमिगत कक्ष प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां वीडियोग्राफी नहीं की जा सकती, इन जगहों पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के मोबाइल ले जाने पर रोक लगा दी गई है। इस बात की सख्त हिदायत दी गई है कि कोई भी कर्मचारी ताजमहल के प्रतिबंधित हिस्से की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करे।
यह वीडियो डिलीट होने से पहले सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसे देखकर लगता है कि कर्मचारी ने अति उत्साह में इसे बनाया होगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments