नकदी लेकर थमा दिए नकली आभूषण!! कारोबारी ने लगाया यूट्यूबर दंपत्ति पर दस लाख रुपये हड़पने का आरोप
आगरा, 29 अप्रैल। थाना शाहगंज क्षेत्र के एक कारोबारी ने यूट्यूबर दंपत्ति पर भरोसे का फायदा उठाकर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लेनदेन के दस्तावेज, जेवरों की असलियत और दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित कारोबारी श्याम लाल आहूजा का कहना है कि उनकी पहचान इलाके में रहने वाले सुशील चावलानी और उनकी पत्नी से लंबे समय से थी। दोनों सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय हैं और परिवारों के बीच अच्छा मेलजोल था। इसी पुराने संबंध और आपसी विश्वास के चलते जब दंपत्ति ने आर्थिक मदद मांगी, तो उन्होंने बिना संदेह किए मदद कर दी। लेकिन यही भरोसा उनके लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि दंपत्ति ने सोने के जेवर गिरवी रखने के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं की गई, तो कारोबारी को शक होने लगा।
बार-बार मांगने के बावजूद टालमटोल और बहानेबाजी जारी रही, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। श्याम लाल आहूजा के मुताबिक 7 फरवरी, 2026 को उन्होंने जेवरों की जांच एक सुनार से कराई। जांच में सामने आया कि जेवर असली नहीं बल्कि नकली हैं।
पीड़ित का कहना है कि जब वह जवाब मांगने दंपत्ति के घर पहुंचे तो वहां विवाद हो गया। आरोप है कि दंपत्ति ने गाली-गलौज की और शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। किसी तरह वह वहां से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला धोखाधड़ी का है या आपसी लेनदेन का विवाद है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments