डीएम ने किया कैलाश मंदिर में विकास कार्यों का निरीक्षण
आगरा, 28 अप्रैल। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने  मंगलवार को सिकंदरा स्थित कैलाश मंदिर परिसर में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कैलाश मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना भी की। उन्हें बताया गया कि घाट निर्माण, भंडार गृह, यमुना दर्शन डेक, तथा पाथवे निर्माण सहित अन्य कार्य प्रगति पर हैं, जिनकी भौतिक प्रगति लगभग 75 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
________________________________________
कर्नल्स कप जिलास्तरीय मुक्केबाज़ी प्रतियोगिता का आगाज
आगरा, 28 अप्रैल। कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल में 14वीं कर्नल्स कप (U-5, U-17, और U-19) जिलास्तरीय (बालक) मुक्केबाज़ी प्रतियोगिता मंगलवार को शुरू हो गई।
जिला एमच्योर मुक्केबाज़ी संघ के तत्वावधान में खेली जा रही प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल गौतम लांबा (कमांडिंग ऑफिसर, 9 पैरा फील्ड रेजीमेंट) द्वारा किया गया। 
विद्यालय के निदेशक एवं आयोजन समिति के चैयरमेन कर्नल अपूर्व त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता में जनपद के 34 विद्यालय के 332 मुक्केबाज तीनों आयु वर्गों के 32 भार वर्गों में प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन कुल 80 मुकाबले खेले गए, जिसमें अंडर-17 में 30 एवं अंडर-15 में 50 मुकाबले हुए।
निर्णायकों के रूप में दीपक मिस्त्री, विपिन शाक्य, आदित्य कुमार, विवेक शर्मा, अमित यादव, मनोज राजपूत, श्रीकांत चौधरी, राहुल ठाकुर, अतुल राजपूत, अभिषेक राजपूत, रिषी भदोरिया, आकाश यादव आदि ने भूमिका निभाई।
इस अवसर पर दीपिका त्यागी, प्रधानाचार्या रुबीना खानम, उप-प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह चाहर, प्रमोद कुमार, राहुल दुबे, प्रशांत शर्मा, विजय प्रकाश सोनपाल, यश तिवारी, राहुल गुर्जर, खेल निदेशक सोमेश दुबे, स्पोर्ट्स इंचार्ज यतेंद्र शर्मा एवं दीपक यादव उपस्थित थे।
________________________________________
आगरा ने टीबी मरीज खोजने में प्रदेश में पहला स्थान पाया
आगरा, 28 अप्रैल। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 24 मार्च से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 62 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 7116 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। जांच में 1814 टीबी मरीज मिले हैं, जिन्हें तुरंत उपचार पर रख दिया गया है। यह कहना है जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता का। 
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। अभियान के पहले माह की समीक्षा में टीबी मरीजों की पहचान के मामले में आगरा ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस एक माह के दौरान की गई जांच में नए टीबी मरीज सामने आए हैं। मरीजों की जल्दी पहचान होने से उनका तत्काल इलाज शुरू कर दिया गया है। समय पर उपचार शुरू होने से समुदाय स्तर पर टीबी का संक्रमण फैलने का खतरा कम होगा। इससे टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।
________________________________________
हेल्प आगरा को जनसेवार्थ दान में मिली ईको एम्बुलेंस
आगरा, 28 अप्रैल। हेल्प आगरा संस्था को एक ईको एम्बुलेंस मरीज सेवार्थ दान में मिली है। यह एम्बुलेंस सिकन्दरा स्थित 'सगारी लैदरस प्राइवेट लिमिटेड" ने 50 वर्ष पूर्ण होने पर सीएसआर के तहत भेंट की।
C- 33 UPSIDC, सिकन्दरा स्थित अपनी फैक्ट्री पर डायरेक्टर औलिया गुजराल एवं पी के गुप्ता ने एम्बुलेंस की चाभी अपने स्टाफ, कर्मचारियों की मौजूदगी में हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन को सौंपी। हेल्प आगरा के एम्बुलेंस बेड़े में इसको मिलाकर अब 14 एम्बुलेंस हो गई। अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर हेल्प आगरा के सीए दीपेन्द्र मोहन, महामंत्री गौतम सेठ, विशेष बंसल, राजेन्द्र बंसल, नितिन अग्रवाल, अभिषेक, आर सी अग्रवाल, अक्षत, राजदीप, पंकज, रोशन ग्यावर,बनंदकिशोर गोयल व जगवीर सिंह की उपस्थिति रही।
________________________________________
14वीं नमन काव्य गोष्ठी में कवियों ने पढ़ीं रचनाएं 
आगरा, 28 अप्रैल। संस्कार भारती बृज प्रान्त द्वारा राजेश गर्ग और शीला गर्ग को समर्पित 14वीं नमन काव्य गोष्ठी आर्य समाज मन्दिर, जयपुर हाउस पर आयोजित की गई। कवि मोहित सक्सैना, हीरेन्द्र नरवार 'हृदय', अजय मिश्रा अजेय, प्रभुदत्त उपाध्याय, डॉ शुभदा पाण्डेय, राजीव क्वात्रा, संजय कुमार, डा राजेंद्र मिलन, विजया तिवारी, मीना शर्मा, हरिमोहन सिंह कोटिया, अकील सिद्दीकी, अलका शर्मा, डॉक्टर राजेंद्र दवे, प्रणव कुमार कुलश्रेष्ठ , हरिकांत शर्मा, रवींद्र वर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, सर्वेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ, विनय बंसल, राजकुमार उपाध्याय, संजय कुमार, अंकिता शर्मा त्रिपाठी, अशोक अश्रु, अशोक गोयल, राकेश शर्मा, रामावतार शर्मा, टिंकू सांवरिया, बृजेश बेबाक, डॉक्टर शेष पाल सिंह, जयपाल सिंह बामोर, कामेश मिश्रा सनसनी , डा रेखा गौतम, डॉक्टर सुनीता चौहान, हुकम सिंह, हरीश अग्रवाल, अजय कुमार मिश्रा, आरती शर्मा, डॉक्टर रमा रश्मि, आचार्य उमाशंकर पाराशर, डा राजीव शर्मा निस्पृह , सुभाष प्रजापति, प्रभाकर नारायण अग्रवाल, डा राघवेन्द्र दुबे, डा कुसुम चतुर्वेदी, डॉ सुषमा सिंह, आभा सिंह, राम अवतार शर्मा, रश्मि सिंह ने भी काव्यपाठ किया।
संयोजन संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने, धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।
________________________________________
आगरा मंडल व्यापार संगठन ने वित्त मंत्री को भेजा पत्र 
आगरा, 28 अप्रैल। आगरा मंडल व्यापार संगठन द्वारा एक पत्र वित्त मंत्री भारत सरकार एवं अध्यक्ष सेंट्रल बोर्ड का डायरेक्ट टैक्स को लिखा है। पत्र में संगठन ने लिखा है कि वित्त अधिनियम 2025 के द्वारा आयकर में धारा 194(T) लागू की गई है उसकी हम सराहना करते हैं लेकिन इसका कार्यान्वन के लिए व्यावहारिक नहीं है और साथ ही करदाताओं को प्रावधानों के अनुपालन के लिए बहुत कठिनाई और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ेगा और साथ ही उनकी कोई गलती नहीं होने के कारण भी ब्याज और जुर्माना भी देना पड़ेगा तथा इस धारा के प्रचलित धाराओं से मिलान नहीं करते हैं।
पत्र में वित्त मंत्री एवं अध्यक्ष, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड से टीडीएस जमा करने का समय बढ़ाने तथा इस कठिनाई को दूर करने के लिए उचित सर्कुलर व अध्यादेश जारी करने की मांग भी की है। मांग करने वालों में संगठन के चरणजीत थापर, पवन बंसल, अरविंद बंसल, गिरीश गोयल, त्रिलोकचंद शर्मा, राजेश गोयल, राजीव गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, संजय गोयल, सतेंद्र अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अशोक गोयल, नीतू अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, प्रदीप लूथरा हैं।
________________________________________
उपेंद्र सिंह ने मंडल आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
आगरा , 28 अप्रैल। भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने विलासगंज की गंभीर जल निकासी समस्या को लेकर अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ मंगलवार को मंडल आयुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दलित बाहुल्य क्षेत्र ग्राम विलासगंज (नई आबादी, ब्लॉक बिचपुरी) में जल निकासी के लिए नाले के निर्माण संबंधी एक ज्ञापन सौंपा।
उपेंद्र सिंह ने बताया कि नई आबादी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण क्षेत्र में भारी जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। ग्राम पंचायत द्वारा लगभग 300 मीटर लंबे नाले के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 22 लाख रुपये है। हालांकि, धन की कमी के कारण यह कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। प्रतिनिधिमंडल में नेत्रपाल सिंह, मनीष कुमार, अनिल कुमार, मोहन पचौरी सौरव आदि साथ रहे।
________________________________________
नगर निगम ने राजामंडी बाजार से अतिक्रमण हटाए 
आगरा, 28 अप्रैल। राजामंडी बाजार में मंगलवार को नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम ने भी अवैध कब्जों को हटा दिया।
पिछले कई दिनों से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे फैले अतिक्रमण, अस्थायी ढांचों और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर हल्की नोकझोंक भी हुई। फिलहाल बाजार की स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन व्यापारियों में बेचैनी और हलचल बनी हुई है। 
________________________________________