बुजुर्ग ने खुद पर उड़ेली तेल से भरी बोतल, दरोगा ने समय रहते आत्मदाह के प्रयास से रोका

आगरा, 09 अप्रैल। थाना पिनाहट क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग द्वारा कथित तौर पर जहर खाने का मामला अभी शांत ही हो पाया था कि थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रामबाग इलाके में गुरुवार को एक बुजुर्ग ने खुद पर तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया। बताया गया है कि रामबाग निवासी रनवीर कुशवाह और साहब सिंह के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रनवीर कुशवाह का आरोप है कि उसने संबंधित जमीन साहब सिंह पक्ष से खरीदी थी, लेकिन अब उसे कब्जा नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस दोनों व्यक्तियों को थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठा रही थी, तभी साहब सिंह अचानक गाड़ी से उतरकर अपने घर की ओर भाग गया। पुलिसकर्मी जब उसके पीछे पहुंचे तो देखा कि वह कमरे में अपने ऊपर तेल छिड़क रहा था। हालात को भांपते हुए दरोगा ने तुरंत साहब सिंह के हाथ से तेल की बोतल छीनी। छीना-झपटी में कुछ तेल दरोगा के ऊपर भी गिर गया। पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाना पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments