दयालबाग में फिर तेज रफ्तार कार ने बरपाया कहर, छह साल के मासूम की जान ली, पांच साल की बहन को किया घायल

आगरा, 24 अप्रैल। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत दयालबाग क्षेत्र के वीर नगर में आज शुक्रवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने एक खोखे में टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में छह साल के मासूम बालक प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बहन स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वीर नगर निवासी छोटू अपनी ससुराल में रहता है। उसके ससुर इलाके में एक खोखा चलाते हैं। हादसे के समय छोटू के ससुर खाना खाने गए हुए थे और उसकी सास खोखे पर बैठी थीं। छोटू के दोनों बच्चे, छह वर्षीय प्रदीप और पांच वर्षीय स्नेहा अपनी नानी के साथ खोखे पर मौजूद थे।
करीब डेढ़ बजे वीर नगर निवासी राहुल कार चलाते हुए तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और सीधे खोखे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्चों की नानी को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद आरोपी कार चालक राहुल मौके से फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने मौके पर हंगामा कर दिया। घायल बच्ची को तुरंत हेरिटेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे में धुत था। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से शराब की बोतल बरामद हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और गाड़ी के कागजात भी पूरे नहीं थे। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। 
गौरतलब है कि दयालबाग के निकट केंद्रीय हिन्दी संस्थान रोड पर कुछ माह पहले भी एक तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों की जान ले ली थी।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments