सो रहा था उद्यमी प्रहलाद अग्रवाल का परिवार तभी घर की बाउंड्रीवॉल से टकराया डंपर, बालूगंज में तड़के हादसा
आगरा, 05 अप्रैल। अजमेर रोड बालूगंज निवासी और टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल का परिवार रविवार की तड़के चार बजे उस समय दहशत में आ गया, जब एक अनियंत्रित डंपर जोरदार आवाज के साथ उनके घर की बाउंड्रीवाल से टकरा गया।
परिवार के सदस्यों ने बाहर निकल कर देखा कि
डंपर के एक साइड के पहिये सड़क किनारे नाले में धंस हुए थे और बाउंड्रीवॉल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था। हादसे में बाउंड्री वाल को नुकसान होने के साथ पानी की पाइप लाइन टूट गई। बिजली के तारों और मीटर को भी क्षति पहुंची।
गनीमत रही कि यह हादसा तड़के हुआ, यदि हादसा दिन में होता तो राहगीरों के चपेट में आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। डंपर में सड़क और लेंटर आदि के निर्माण में प्रयुक्त होने वाली गिट्टी भरी हुई थी। हादसे के कारण गिट्टी भी सड़क पर फैल गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और डंपर चालक को हिरासत में ले लिया। राजस्थान नम्बर के इस डंपर के मालिक का नाम राहुल शर्मा बताया गया है।
प्रहलाद अग्रवाल ने थाना रकाबगंज पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि सुबह डंपर में लदी गिट्टी को खाली कराया जा रहा है। उसके बाद ही डंपर को वहां से हटाया जा सकेगा।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments