Agra News: खबरें आगरा की.....

सात को आगरा आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी, प्रशासन सक्रिय 
आगरा, 04 अप्रैल। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा कुबेरपुर के निकट रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में विकसित की जा रही दस टाउनशिप का शिलान्यास करने सात अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां आ सकते हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी में जिला प्रशासन जुट गया है।
शनिवार को मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमोझी और सम्बन्धित अधिकारियों संग कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों की समीक्षा की। मण्डलायुक्त ने हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की। मौसम को ध्यान में रखते हुए मंच स्थल एवं भूमिपूजन स्थल पर उचित रूप से टैंट लगाए जाने, वीआईपी/मीडिया दीर्घा, स्विस काॅटेज आदि व्यवस्था हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। भारी एवं हल्के वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था तथा सभी एप्रोच मार्ग को दुरूस्त बनाये जाने हेतु निर्देश दिए गए। 
गौरतलब है कि शहरी विस्तारीकरण एंव नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम-रायपुर व रहनकलां (ग्रेटर आगरा योजना) की लगभग 449.65 हैक्टेयर भूमि पर, कुल सम्भावित लागत धनराशि 5142.00 करोड़ रुपये से 10 आवासीय टाउनशिप का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं, प्रोजेक्ट का लोकार्पण व शिलान्यास कर मौजूद जनसभा को संबोधित करेंगे।
_________________________________________
डीईआई के दीक्षांत समारोह में उपाधियां वितरित, प्रो. महेंद्र देव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 
आगरा, 04 अप्रैल। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के शनिवार को हुए दीक्षांत समारोह में, 88 डायरेक्टर मेडल, 02 प्रेसिडेंट मेडल, 109 पीएचडी, 1560 अंडरग्रेजुएट डिग्री, 616 पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, 70 पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, 543 इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, 63 एलिमेंट्री एजुकेशन डिप्लोमा, 232 हाई स्कूल और 280 इंटरमीडिएट डिग्री, और 519 सर्टिफिकेट कोर्स की डिग्री योग्य और सफल छात्रों को वितरित की गईं। विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार श्री खुशी राम, मैनेजिंग डायरेक्टर, डेस्टर कंसल्टिंग, सिंगापुर को प्रदान किया गया। लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रो. एस. महेंद्र देव, अध्यक्ष, प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार परिषद को प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष गुर सरूप सूद ने की। 
_________________________________________
लवानिया प्रधानाचार्य परिषद के फिर जिलाध्यक्ष, जमीर महामंत्री बने
आगरा, 04 अप्रैल। नरेंद्र कुमार लवानिया को उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद का लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुना गया, डॉ.मोहम्मद जमीर को जिला महामंत्री चुना गया।
शनिवार को पश्चिमपुरी में हुई परिषद की बैठक में जनपद के लगभग 90 प्रधानाचार्यों की उपस्थिति रही।  शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय बी.पी.सिंह एवं परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों व शिक्षाविदों द्वारा किया गया। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार,संगठन की मजबूती तथा शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। 
संगठन के विस्तार एवं संचालन हेतु मुकेश शर्मा, डॉ. अनिल वशिष्ठ, डॉ. ममता शर्मा, डॉ. एस.के. सिंह, डॉ. अतुल जैन को दायित्व सौंपे गए। साथ ही परिषद को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सात सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। अजय शर्मा, विशाल आनंद, शालिनी बंसल, पायल जैन, नरेंद्र देव, सुनील सिंह, नवीन मैसी, डॉ.मदन मोहन शर्मा उपस्थित थे।
_________________________________________
डॉ. रमा 'रश्मि' की साहित्यिक कृतियाँ लोकार्पित
आगरा, 04 अप्रैल। साहित्य संगीत संगम संस्था द्वारा शनिवार को पालीवाल पार्क स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के जुबली हॉल में साहित्यकार डॉ. रमा 'रश्मि' की गद्य कृति 'नारी विमर्श और प्रभा खेतान' तथा काव्य कृति 'धूप और चाँद' का संयुक्त रूप से लोकार्पण किया गया। 
मुख्य अतिथि प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि रमा 'रश्मि' का साहित्य-सृजन आज की बेटियों को दिशा देगा। डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि नारी और पुरुष में शारीरिक अंतर जरूर है लेकिन संवेदना, सृजन, चेतना, शक्ति और साहस में कोई अंतर नहीं है। केएमआई के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि डॉ. रमा की कविताएँ समाज का सच्चा दर्पण हैं। 
अधिवक्ता सीमा समृद्धि, साहित्यकार डॉ. नीलम भटनागर, डॉ. अनिल उपाध्याय, डॉ. आरएस तिवारी 'शिखरेश, डॉ. सुषमा सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।
डा रमा 'रश्मि' ने आभार जताया। रीता शर्मा, नूतन अग्रवाल, ममता भारती, अलका अग्रवाल, डॉ. मंजू स्वाति, संगीता अग्रवाल, राकेश निर्मल ने काव्य पाठ किया। संचालन श्रुति सिन्हा ने संचालन किया। 
________________________________________
डीएम ने पिनाहट के बुजुर्ग को समस्या सुनी
आगरा, 04 अप्रैल। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को पिनाहट के बुजुर्ग किसान ब्रजमोहन की समस्या को सुना।
जिलाधिकारी ने विवादित भूमि की पैमाइश तथा प्रकरण की जांच हेतु अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग को संपूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर लेखपाल के साथ मौके पर जाकर पैमाइश तथा रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पिनाहट क्षेत्र के बुजुर्ग ब्रज मोहन ने गत दिवस जमीनी विवाद में सुनवाई न होने पर विषाक्त पदार्थ सेवन का वीडियो जारी किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच में विषाक्त पदार्थ सेवन की पुष्टि नहीं की। इसके बाद शनिवार को जिलाधिकारी ने ब्रज मोहन को बुलाकर उनका पक्ष सुना और अधीनस्थों को निष्पक्ष कार्यवाही के निर्देश दिए।
_________________________________________
व्यापारी पेंशन की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान
आगरा, 04 अप्रैल। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने व्यापारी पेंशन लागू करो-लागू करो पोस्टकार्ड अभियान चलाने का निर्णय लिया है। संगठन यह पोस्टकार्ड प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजेगा।
संगठन का कहना है कि सभी व्यापारी राष्ट्रहित में अपना सर्वस्व न्योछावर करते हुए टैक्स कलेक्शन का काम करते हैं और उसको नियमित रूप से सरकार के खजाने में जमा करते हैं, लेकिन वे जब उम्र के 60वे में पड़ाव पर आते हैं तो व्यापार को अच्छी प्रकार से नहीं कर पाते, ऐसे में उनको अपने खर्चे चलाना मुश्किल हो जाता है। पोस्टकार्ड अभियान शहर के विभिन्न व्यापारिक स्थलों और डोर टू डोर भी चलाया जाएगा। इसी क्रम मेंछह अप्रैल को पहला शिविर बेलनगंज तिकोनिया पार्क पर सायं 5 से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। बैठक में संगठन की पवन बंसल, त्रिलोक चंद शर्मा, गिरीश गोयल, नीतू अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, डीके जैन, राहुल अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राजेश अग्रवाल मौजूद रहे।
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments