दबंगों ने महिला अधिवक्ता और परिवार को लाठी-डंडों से पीटा

आगरा, 30 अप्रैल। शमसाबाद थाना क्षेत्र की क्षत्रिय कालोनी में दबंगों ने एक महिला अधिवक्ता और उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर भाजपा से जुड़े हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिला अधिवक्ता का आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी बहन को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी अभद्रता व मारपीट की गई, जिससे उसके कपड़े तक फट गए। अधिवक्ता के पिता के सिर पर गंभीर चोट बताई जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर पक्ष खुद को सत्ता पक्ष से जुड़ा हुआ बताता है, जिससे उन्हें कार्रवाई में देरी और दबाव की आशंका है। पीड़िता ने शिशुपाल सिंह, खुद को विधायक प्रतिनिधि बताने वाले राजेंद्र सिंह, मंजू भदौरिया, रानी, हेमलता, आकाश और पूजा समेत कई लोगों पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments