भीमनगरी के लिए टोरेंट पावर ने भी कसी कमर! ट्रांसफार्मर स्थापित, विशेष टीमों का गठन, सम्राट अशोक के राजमहल जैसा होगा मुख्य मंच
आगरा, 08 अप्रैल। संविधान शिल्पी डा. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में भीमनगरी आयोजन के लिए विद्युत वितरण कंपनी टोरेंट पावर लिमिटेड ने भी कमर कस ली है। इस वर्ष भीमनगरी शाहगंज स्थित ग्यासपुरा में सजाई जा रही है। इसका मुख्य महल और मंच पचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में सजाया जा रहा है।
भीमनगरी में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए टोरेंट पावर ने ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए हैं और विशेष टीमों का गठन कर दिया है। उच्चाधिकारियों की भी ड्यूटी लगा दी है, जिससे निरंतर सुरक्षित विद्युत सप्लाई मिलती रहे और इस आयोजन को रोशन मिलती रहे।
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि टोरेंट पावर ने जीआईसी ग्राउंड में विद्युत व्यवस्था के लिए सिस्टमैटिक तरीके से उपकरण लगाना शुरू कर दिया गया है। मंच पर और पूरे प्रांगण में डेढ़ सौ किलो वाट के लोड की आवश्यकता है, इसको ध्यान में रखते हुए दो तरफ की सप्लाई टोरेंट पावर द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। अन्य इंतजाम भी द्रुत गति से किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में भीमनगरी का मंच सम्राट अशोक के राजमहल स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। कोलकाता के कलाकार दिन-रात मेहनत कर इसको आकार देने में लगे हैं। इस वर्ष महल का स्वरूप सम्राट अशोक के राजमहल जैसा होगा। महल की ऊंचाई 125 फीट और चौड़ाई 300 फीट होगी। सबसे ऊपर देश की शान तिरंगा ध्वज फहराएगा। उसके बाद मंच के प्रत्येक शीर्ष पर पंचशील ध्वज की पताका फहराएगी।
भीम नगरी महल का मंच दो अलग-अलग चरण में तैयार किया जाएगा। यह जमीन से छह फीट ऊंचा, 200 फीट लंबा और 70 फीट चौड़ा होगा। मंच के एक स्तर पर सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले करीब 100 जोड़ों को बैठाया जाएगा। इसके ऊपर मुख्य मंच होगा, जिसमें अतिथियों के साथ आयोजन समिति पदाधिकारी व समाज के मुख्य लोगों को विराजमान किया जाएगा।
डा भीमराव आंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा 14 अप्रैल की शाम को आरंभ होगी और नगर भ्रमण करते हुए ग्यासपुरा शाहगंज में सज रही भीमनगरी पहुंचेगी। इसके बाद जीआईसी मैदान में 15 से 17 अप्रैल तक भीमनगरी सजाई जाएगी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments