व्यापारी की आईडी-पासवर्ड हासिल कर 1.43 करोड़ की फर्जी बिलिंग, जीएसटी ने लगाया 43 लाख का जुर्माना तो पता चला फर्जीवाड़ा
आगरा, 08 अप्रैल। सिकंदरा क्षेत्र के एक व्यापारी ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए उसकी फर्म की आईडी और पासवर्ड हासिल कर 1.43 करोड़ रुपये का फर्जी लेन-देन करने का आरोप लगाया है। इस कारण व्यापारी को जीएसटी विभाग की ओर से 43 लाख रुपये का जुर्माना झेलना पड़ रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित व्यापारी विष्णु शर्मा ने सिकंदरा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि विमल, हरिवंश और अभिषेक ने सुनियोजित तरीके से उनकी फर्म की जीएसटी आईडी और पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने फर्म का दुरुपयोग करते हुए फर्जी बिल और ई-वे बिल तैयार किए। आरोप है कि अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से करीब 1.43 करोड़ रुपये का लेन-देन दर्शाया, जिससे सरकारी रिकॉर्ड में भारी वित्तीय गतिविधि दर्ज हो गई। जीएसटी विभाग ने व्यापारी को नोटिस जारी किया तो इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई।
फर्जी लेनदेन के आधार पर जीएसटी विभाग ने व्यापारी विष्णु शर्मा पर 43 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगा दिया, जिससे व्यापारी आर्थिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुआ। पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी साजिश उसे फंसाने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से रची गई।
सिकंदरा थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments