आगरा के नि:संतान दंपत्ति को बेच दिया बदायूं से चोरी किया बच्चा, विवाह समारोह में घुसकर चुराया था मासूम को, पांच गिरफ्तार

आगरा, 19 अप्रैल। बदायूं से चोरी हुआ एक साल का बच्चा आगरा के एक नि:संतान दंपत्ति द्वारा सत्तर हजार रुपये में खरीदे जाने का खुलासा हुआ है। बदायूं पुलिस द्वारा बच्चा चोरी प्रकरण में महिला समेत पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बदायूं में गत बुधवार की रात एक विवाह समारोह से एक साल का मासूम बच्चा चोरी हो गया था। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को ले जाती हुई दिखाई दी जिसके पीछे एक युवक भी चल रहा था। वे बारातघर से निकलकर एक कार में बैठकर चले गए। पुलिस ने इस घटना की जांच की तो पता चला कि बच्चा चोरी करने वाली महिला ने बच्चे को आगरा में रहने वाले एक नि:संतान दंपत्ति को सत्तर हजार रुपये में बेच दिया।
खबरों के अनुसार, बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक विवाह समारोह चल रहा था। यहां संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के रहने वाले भूकन सिंह का एक साल का बच्चा चोरी हो गया। पुलिस ने उस कार के नंबर की जांच की जिसमें बच्चा ले जाने वाली महिला सवार हुई थी। कार बुलंदशहर के भोपतपुर में रहने वाले मुनेश के नाम से पंजीकृत निकली। पुलिस ने कार को बरामद कर लिया और मुनेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चा चोरी करने वाली महिला का नाम खूशबू है जो रामनगर थाना छतारी जिला बुलंदहशर की रहने वाली है। मुनेश खूशबू के साथ शादी में गया था। यहां खुशबू शादी में महिलाओं के बीच पहुंच गई। जयमाला कार्यक्रम के दौरान महिलाएं बच्चों को कमरे में सोता छोड़ गई, जिसका फायदा उठाकर खुशबू एक साल के मासूम को उठा ले गई। 
इसके बाद खुशबू बच्चे को लेकर आगरा के थाना सदर क्षेत्र की सुखधाम कॉलोनी में रहने वाले अपने परिचित दिनेश के यहां पहुंची। खुशबू ने दिनेश के साथ मिलकर बच्चे को बेचने की योजना बनाई। दिनेश के भाई मुकेश के साले सोनू निवासी मोहल्ला दीवानजी ताजगंज को सत्तर हजार रुपये में बच्चा बेचने का सौदा तय हुआ। इसमें बीस हजार रुपये एडवांस भी लिए गए। खुशबू ने खुद को एक अस्पताल की नर्स बताया और बच्चे के कागज बनवाने का भरोसा दिया।
पुलिस मुनेश को साथ लेकर दिनेश के घर आगरा पहुंची। यहां दिनेश और खूशबू मिल गए। पुलिस ने दोनों को पकड़ कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बच्चा सोनू और उसकी पत्नी बबली को बेच दिया है। इसके बाद पुलिस सोनू के घर पहुंची और बच्चा बरामद कर लिया। बबली ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं है, इसलिए उसने यह बच्चा खरीदा। पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाली खुशबू, मुनेश, दिनेश, पूजा पत्नी मुकेश और बबली पत्नी सोनू को गिरफ्तार कर लिया।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments