दमकल को रास्ता देने के बजाय रील बनाने में लगे रहे लोग, दीवानी परिसर में आग की भेंट चढ़ी कार, दो अन्य कारों को भी क्षति
आगरा, 20 अप्रैल। एमजी रोड पर स्थित जनपद न्यायालय दीवानी परिसर में सोमवार की दोपहर पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। तेज गर्मी के बीच लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और कार से उठती लपटों ने पूरे परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। आग की चपेट में दो अन्य कारें भी आ गईं, लेकिन समय रहते उन्हें बचा लिया गया। इन दोनों गाड़ियों में मामूली नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। देखते ही देखते आग भड़क उठी।
मौके पर मौजूद विशेष सुरक्षा बल के जवान राहुल सारस्वत और उनके साथी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पास खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत हटाना शुरू किया। कई वाहनों को धक्का देकर सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक आग लगने वाली पहली कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती अंदेशा तेज गर्मी या शॉर्ट सर्किट की ओर जताया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना के समय कार मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। देर शाम तक भी वाहन के मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हादसे का एक संवेदनहीन पहलू यह भी सामने आया कि गेट नंबर एक के पास अनेक लोग रील बनाने में लगे रहे और फायर ब्रिगेड की दमकल को आने के लिए रास्ता नहीं दिया, जिससे दमकल को पहुंचने में समय लगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments