आगरा के पांच चैरिटेबल ब्लड बैंकों पर रोक!
आगरा, 02 अप्रैल। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अनियमितताएं मिलने पर जिले के पांच चैरिटेबल ब्लड बैंक पर रोक लगा दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आगरा चैरिटेबल ब्लड बैंक नेहरू नगर, जय हिंद चैरिटेबल ब्लड बैंक सिकंदरा, लाइफ लाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक दिल्ली गेट, श्रीबालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर आगरा पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनके अलावा श्री जगदंबा चैरिटेबल ब्लड बैंक, ट्रांस यमुना कालोनी के खून संचालन संबंधी सभी कार्यों पर रोक लगा दी गई।
एफएसडीए मुख्यालय लखनऊ से भेजी गईं 12 सदस्यीय टीम ने 29 और 30 मार्च को शहर और देहात के 21 ब्लड बैंकों की जांच की। जांच के दौरान ब्लड बैंक में खून के साथ ही उसके अवयव प्लाज्मा, प्लेटलेट्स के अनिवार्य तापमान पर भंडारण, मानकों के तहत रक्तदान से मिले खून की एचआईवी, हेपेटाइटिस सहित अन्य जांच, तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता, उपकरण संचालन की जांच की गई। टीम ने ब्लड बैंक से अभिलेख भी लिए, इन अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के अनुसार, इसमें अनियमितता मिलने पर पर प्रतिबंध लगाया गया है। जगदंबा चैरिटेबल ब्लड बैंक के सभी कार्यों पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही ब्लड बैंक में मिली कमियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कहा जाता है कि ब्लड बैंक में रक्तदान से मिलने वाले खून को ऐसे मरीजों के लिए दिया जाना चाहिए जिनके पास रक्तदान करने वाला कोई व्यक्ति नहीं है। मगर, ब्लड बैंक द्वारा जिनके पास रक्तदान करने के लिए कोई व्यक्ति नहीं होता है उनसे तीन से पांच हजार रुपये सिक्योरिटी मनी के नाम पर लेकर खून दे देते हैं। इनसे कहा जाता है कि वे किसी व्यक्ति का रक्तदान करा देंगे तो सिक्योरिटी मनी वापस कर दी जाएगी। अधिकांश लोग खून लेने के बाद रक्तदान करने के लिए नहीं आते हैं, सिक्योरिटी मनी ब्लड बैंक के पास रहती है। ब्लड बैंक सिक्योरिटी मनी का अभिलेखों में उल्लेख भी नहीं करते हैं।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments