Agra News: खबरें आगरा की...

दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट 44वां दीक्षांत समारोह चार अप्रैल को
आगरा, 02 अप्रैल। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड यूनिवर्सिटी) का 44वां दीक्षांत समारोह शनिवार, 4 अप्रैल को मनाया जाएगा। समारोह दोपहर 2:30 बजे इंस्टीट्यूट के दीक्षांत हॉल में शुरू होगा, जिसमें गवर्निंग बॉडी, एकेडमिक काउंसिल, फैकल्टी, स्टाफ और छात्र, इंस्टीट्यूट और इसके पास होने वाले छात्रों की उपलब्धियों का जश्न मनाएंगे।
दीक्षांत समारोह में योग्य छात्रों को डायरेक्टर मेडल, प्रेसिडेंट मेडल, Ph.D., अंडरग्रेजुएट डिग्री, पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा, हाई स्कूल और इंटरमीडिएट डिग्री वितरित की जाएंगी। साथ ही, प्रतिष्ठित हस्तियों को DEI विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार और SSI लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इंस्टीट्यूट के प्रेसिडेंट गुर स्वरूप सूद करेंगे। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन, प्रो. एस. महेंद्र देव मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें इंस्टीट्यूट की उपलब्धियों और विभिन्न परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। 
__________________________________________
चाहर ने लोकसभा में रखी रेल सुविधाओं की मांग
आगरा, 02 अप्रैल। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लोकसभा के शून्यकाल में रेल परियोजनाओं और जनसुविधाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि आगरा से खेरागढ़, जगनेर, तांतपुर होते हुए बयाना (राजस्थान) तक प्रस्तावित नई रेलवे लाइन का सर्वे वर्ष 2024 में पूर्ण हो चुका है। सरकार इस परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराये।
सांसद ने मांग की कि आगरा फतेहाबाद, बाह बटेश्वर होते हुए इटावा को जोड़ते हुए आगे के लिए भी कुछ ट्रेन चलाई जाए। चाहर ने रेल मंत्री से ट्रेन संख्या 01919/01920 (वर्तमान में 20178/20177) के फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव को पुनः बहाल करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रीय जनता को रेल सेवाओं का लाभ मिलता रहे।
__________________________________________
प्रधानाचार्य परिषद का जनपदीय सम्मेलन 4 को
आगरा, 02 अप्रैल। प्रधानाचार्य परिषद द्वारा जनपदीय सम्मेलन, शैक्षिक संगोष्ठी, सम्मान एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन 04 अप्रैल को शिव पैलेस पश्चिम पुरी में किया जाएगा।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक (बालिका) होंगे। जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद् एवं शिक्षा जगत से जुड़े विशिष्ट गणमान्यजन सहभागिता करेंगे। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचारों को बढ़ावा, नवीन शैक्षिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर सार्थक विचार-विमर्श करना है। प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र लवानिया एवं महामंत्री डॉ.जमीर मोहम्मद ने यह जानकारी दी।
__________________________________________
 ....और जिलाधिकारी अचानक पहुंच गए तहसील सदर, देखा रखरखाव 
आगरा, 02 अप्रैल। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने गुरुवार को तहसील सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले सन 1908 में निर्मित प्राचीन तहसील भवन का जायजा लिया तथा उपजिलाधिकारी सदर को भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय ने परिसर में छायादार पौधे लगाने, पेयजल की व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन और कर्मचारियों को सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने नई बिल्डिंग में स्थित राजस्व रिकॉर्ड अभिलेखागार का निरीक्षण किया, उन्होंने तहसील में कार्यरत स्टाफ की स्थिति की भी जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि तहसील में कुल 48 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 09 पद वर्तमान में रिक्त हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रो) प्रशान्त तिवारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभम कुमार, एसडीएम सदर सचिन राजपूत नायब तहसीलदार अनिल चौधरी आदि उपस्थित रहे। 
__________________________________________

__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments