ट्रांसपोर्टर का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप- जीएसटी अधिकारी से चल रहा था विवाद
आगरा, 04 अप्रैल। थाना शाहगंज क्षेत्र के अंतर्गत भोगीपुरा स्थित प्रकाश नगर में ट्रांसपोर्ट संचालक की संदिग्ध हालत में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शव की शिनाख्त मेवाती गली निवासी 55 वर्षीय अजहर अली के रूप में हुई। कहा जा रहा है कि मृतक का कुछ महीनों से एक जीएसटी अधिकारी से विवाद चल रहा था।
मृतक के भतीजे अरशद का कहना है कि उसके चाचा अजहर का ट्रांसपोर्ट का काम था, वह शुक्रवार रात को जयपुर के लिए जूता ट्रांसपोर्ट करने के लिए निकले थे। रात दो बजे उनकी कॉल आई, बताया कि जीएसटी अधिकारी ने गाड़ी पकड़ ली है, वह अब जीएसटी कार्यालय जा रहे हैं। इसके बाद कोई कॉल नहीं आई, कुछ देर बाद परिजनों ने कॉल की तो फोन बंद जा रहा था।
तड़के करीब पांच बजे ट्रांसपोर्ट कंपनी से कॉल आई कि अजहर भाई का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग पहुंच गए। मौके पर देखा कि अजहर के सिर में चोट के निशान थे और उनकी मौत हो चुकी थी। भतीजे ने दावा किया कि पुलिस के पास एक वीडियो है, उसमें लग रहा है कि अजहर को एक कार फेंक कर गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया। क्षेत्र की सीसीटीवी देखे जा रहे हैं, जिससे पता चल सके कि कार से एक्सीडेंट हुआ या फिर कार में से अजहर को फेंका गया।
परिवार ने अजहर की हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अजहर ने कुछ दिन पूर्व एक जीएसटी अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, दूसरी तरफ अधिकार ने जुर्माना न देने के आरोप लगाए थे। इसके बाद अजहर ने अधिकारी के खिलाफ प्रेस वार्ता की थी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments