सनसनीखेज: फेसबुक दोस्त को आगरा बुलाकर दुष्कर्म, युवती बचकर भागी तो ऑटो सवारों ने भी किया रेप और अर्धनग्न हालत में छोड़कर भाग गए

आगरा, 22 अप्रैल। उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली एक युवती के साथ ताजनगरी में कथित तौर पर दो अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवती की फेसबुक के माध्यम से आगरा के दयालबाग निवासी एक युवक से 
दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने उसे आगरा बुलाया। करीब 12 दिन पहले युवती उससे मिलने आगरा पहुंची। आरोप है कि युवक उसे भगवान टॉकीज क्षेत्र के पास एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उससे कोर्ट मैरिज का झांसा भी दिया। बीती रात वह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही, लेकिन उसकी मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई। आरोप है कि रास्ते में मिले ऑटो सवारों ने उसे खंदौली क्षेत्र के अगरपुर गांव के पास ले जाकर उसके साथ फिर सामूहिक दुष्कर्म किया और अर्धनग्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। तड़के करीब साढ़े चार बजे पीड़िता अगरपुर स्थित एक आटा मिल के पास पहुंची और मदद के लिए शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर पास में रहने वाले देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता की हालत देखकर तत्काल उसे कपड़े उपलब्ध कराए और आटा मिल मालिक कमलेश शर्मा को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़िता को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस को महिला की चप्पल, कपड़े और शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
अछनेरा पुलिस ने दबोचे दुष्कर्म के दो आरोपी 
आगरा, 22 अप्रैल। थाना अछनेरा पुलिस ने दुष्कर्म की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विगत 17 अप्रैल को हुई इस घटना में घर पर आटा चक्की के पास सो रही नाबालिग किशोरी को जबरन उठाकर पास के एक खाली प्लॉट में ले जाया गया और उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया था।
पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, आरोपी भानु पुत्र नरेंद्र और अंकित पुत्र राम प्रकाश, दोनों निवासी ग्राम बस्तई थाना अछनेरा, रात के समय सोती हुई किशोरी को जबरन उठाकर पास के ही एक खाली प्लॉट में ले गए थे। आरोपियों ने दुष्कर्म की कोशिश की तो किशोरी ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर घबराए दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार आरोपी भानु ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना रखे थे और पिछले छह-सात महीनों से उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा था। पुलिस ने एक मुखबिर की सूचना पर कीठम पुल के नीचे से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। 
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments