बेटी को भगा ले गया पड़ोसी, दरवाजे पर लटका मिला बाप का शव, पुलिस पर लगे गम्भीर आरोप
आगरा, 17 अप्रैल। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव घर के बाहर फंदे से लटका मिला। उसकी बेटी को पड़ोसी युवक भगा ले गया था। मृतक की आयु करीब 45 वर्ष बताई गई है। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पड़ोसी युवक और उसके परिवार पर आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी नाबालिग बेटी को बालिग दर्शाने और परिवार पर रुपये देने के लिए दबाव बनाने के गम्भीर आरोप लगाए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार की शाम बेटी के बाप का शव मिलने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के पुत्र का कहना है कि विगत 31 मार्च को उसकी नाबालिग बहन को पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। परिजनों ने उसी दिन अपहरण और गलत काम किए जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की विवेचना दरोगा रोहित कुमार को दी गई थी।
पीड़ित परिवार ने दरोगा पर ढाई लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया और कहा कि रुपये न देने पर परिवार को धमकाया गया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ नहीं की। बेटी को बरामद करने के बाद पिता के खिलाफ प्रार्थनापत्र लिखवा लिया गया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल था और पिता काफी अवसाद में थे।
मृतक के बेटे ने पिता की हत्या का शक जताया। उनके अनुसार, पिता के गले में छप्पर से लटका फंदा था, जिसकी ऊंचाई महज छह फीट है और वह किसी का वजन उठाने लायक नहीं है। बेटे ने आईओ रोहित कुमार, दरोगा कन्हैया शुक्ला और महिला कांस्टेबल ज्योति की शिकायत की थी, लेकिन थाने में सुनवाई नहीं हुई।
इस मामले में थाना प्रभारी ने मीडिया से कहा कि गत आठ अप्रैल को बेटी खुद पुलिस के पास आई थी। उसने माता-पिता पर अधेड़ से शादी कराने का आरोप लगाते हुए खुद को बालिग बताया और दिल्ली जाकर रहने का बयान दिया। दस्तावेज न होने पर उसे फर्स्ट स्टेप सेंटर भेजा गया, जहां चार डॉक्टरों के पैनल ने उसकी उम्र 19 वर्ष बताई।
हालांकि, सुपुर्दगी पत्र में बेटी को 'अवयस्क' बताया गया है, जिस पर विवेचक रोहित के हस्ताक्षर भी हैं। मृतक के बेटे का आरोप है कि पुलिस ने सुबह दस बजे सुपुर्दगी के कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए थे, लेकिन बेटी को शाम चार बजे पिता का शव आने से ठीक पहले सुपुर्द किया गया।
पिता का शव देखकर नाबालिग बेटी बेसुध हो गई। उसने आरोपी युवक, उसके परिवार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने उसे बहलाकर ले जाने के बाद उसके कुंडल बेच दिए और उसे अपने मामा व मौसा के यहां रखा, जहां आरोपी के रिश्तेदारों ने भी उसके साथ गलत काम किया। इसमें आरोपी का पूरा हाथ था। उसने बताया कि आरोपी ने धमकी दी थी कि समझाया गया बयान न देने पर पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी। थाने में पुलिसकर्मी भी आरोपी का साथ दे रहे थे, जिन्होंने मेडिकल न कराने के लिए कहा था।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments