Agra News: खबरें आगरा की.......
अस्मिता खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता 18 को, आठ टीमों ने कराया प्रवेश
आगरा, 17 अप्रैल। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 18 अप्रैल को वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, बिचपुरी में किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अब तक कुल आठ टीमों ने अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रमुख टीमों में जीएल पब्लिक स्कूल, वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, लोटस वैली स्कूल, सीएल कॉन्वेंट स्कूल, सनफ्लावर शिक्षा सदन पब्लिक स्कूल, ए के स्पोर्ट्स अकैडमी, सेंट क्वीन मैरी स्कूल तथा बी डी इंटर कॉलेज शामिल हैं।
आयोजन सचिव संजय गौतम ने बताया कि जो भी अन्य टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेना चाहती हैं, वे सुबह 8:30 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं। इसके बाद ठीक सुबह 9:00 बजे सभी टीमों के कोच और मैनेजर की उपस्थिति में टूर्नामेंट का ड्रॉ डाला जाएगा।
यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की जा रही है। साथ ही प्रतियोगिता का सेमी फाइनल और फाइनल लाइव प्रसारण “एसीई” यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोजन सचिव संजय गौतम से ले सकते हैं।
________________________________________
घोषणाओं पर शीघ्र अमल कराएं उपमुख्यमंत्री
आगरा, 17 अप्रैल। नेशनल चैम्बर सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा जिले के विकास के लिये की गयी घोषणाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया और एक पत्र भेजकर अनुरोध किया गया कि घोषणाओं पर तुरन्त अमल किया जाये।
बैठक में कहा गया कि यमुना नदी में डिसिल्टिंग का कार्य कैलाश मंदिर से ताजमहल तक किया जाना चाहिये। ताज संरक्षित क्षेत्र होने के कारण आगरा में न्यू दक्षिणी बाईपास और उत्तरी बाईपास के किनारे गैर प्रदूषणकारी उद्योग खोले जाने चाहिये। पत्र में आईटी सिटी, अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम ग्रेटर आगरा में गैर प्रदूषणकारी उद्योगों के लिये जगह दिए जाने की मांग की गई।
बैठक में अध्यक्ष मनोज बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, नरिन्दर सिंह, शलभ शर्मा, संजय गोयल, सदस्य मयंक मित्तल, सचिन सारस्वत, धर्मगोपाल मित्तल उपस्थित थे।
________________________________________
एसएन मेडिकल कॉलेज ने रचा कीर्तिमान, तीन घंटे की सर्जरी, बिना रोके धड़कता रहा दिल
आगरा, 17 अप्रैल। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज ने ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। यहां पहली बार बीटिंग हार्ट (OPCABG) बायपास सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। इस जटिल सर्जरी को सीटीवीएस विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सुशील सिंघल और उनकी टीम ने अंजाम दिया।
बोदला निवासी 66 वर्षीय रतन लाल शर्मा पिछले छह महीनों से गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे थे। उनकी हालत बेहद नाजुक थी। उनके दिल की दो मुख्य धमनियां 100% ब्लॉक हो गईं थीं। हार्ट की कार्यक्षमता (EF) घटकर मात्र 35% रह गई थी। यह उच्च जोखिम वाला केस था। ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में भी डॉक्टरों की टीम ने हिम्मत दिखाते हुए सफल ऑपरेशन किया।
तीन घंटे की सर्जरी, बिना रोके धड़कता रहा दिल
विगत 13 अप्रैल की रात करीब 3 घंटे चली इस सर्जरी में बीटिंग हार्ट तकनीक अपनाई गई। इस तकनीक में दिल को रोके बिना ही बायपास सर्जरी की जाती है, जो अत्यंत जटिल और विशेषज्ञता वाली प्रक्रिया मानी जाती है। यह एसएनएमसी के इतिहास में इस प्रकार की पहली सफल सर्जरी है। इस केस की सबसे बड़ी सफलता मरीज की तेज़ रिकवरी रही। मरीज को ऑपरेशन के दूसरे दिन ही डिस्चार्ज (POD-2)कर दिया गया। सामान्यतः ऐसी सर्जरी में 5–7 दिन लगते हैं।
रतन लाल के पास न तो आयुष्मान कार्ड था और न ही आर्थिक संसाधन। फिर भी “असाध्य रोग योजना” के तहत ₹3–4 लाख की सर्जरी पूरी तरह मुफ्त में की गई।
________________________________________
छावनी परिषद वार्ड नंबर एक में विकास कार्य शुरू
आगरा, 17 अप्रैल। छावनी परिषद वार्ड नंबर एक में विकास कार्यों का श्री गणेश हो गया। लंबे समय से क्षेत्रीय लोग विकास कार्य की बाट जोह रहे थे। वार्ड के नाली और खरंजे टूटे पड़े थे। स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही थी।
क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भाजपा की मंडल उपाध्यक्ष नीतू सिंह काफी लंबे समय से chavni बोर्ड के अधिकारियों से गुहार लगा रही थी। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश और छावनी बोर्ड के मनोनीत सदस्य राजेश गोयल को भी समस्याओं से अवगत कराया। राजेश गोयल ने मौके पर पहुंचकर यहां हो रहे कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर भाजपा छावनी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार बंटी, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, किशन कुमार, प्रमोद बघेल मौजूद रहे।
________________________________________
________________________________________
Post a Comment
0 Comments