Agra News: खबरें आगरा की.....

भाजपा 23, 24 व 25 को मंडलवार जनाक्रोश पदयात्रा निकालेगी, महिला आरक्षण विधेयक गिरने का विरोध 
आगरा, 22 अप्रैल। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा 23, 24 व 25 अप्रैल को मंडलवार जन आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। जन आक्रोश सभा का भी आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय पर भाजपा नेत्रियों ने दीं। 
प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री और आगरा ग्रामीण क्षेत्र की विधायक बेबी रानी मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, सपा, आप और डीएमके जैसी महिला विरोधी पार्टियों ने सोची समझी साजिश के तहत महिलाओं का हक छीना है।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि विपक्षी दल हमेशा से महिला विरोधी मानसिकता के साथ कार्य करते हुए आए हैं। जन आक्रोश पदयात्रा और जनसभा में पूरे आगरा की महिलाएं प्रतिभाग करेंगी। 
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस ने अपने दशकों पुराने इतिहास के अनुसार महिलाओं को नीति निर्माण और राजनीति के क्षेत्र में प्रयासों में एक बार फिर बाधा डाली है।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
________________________________________
आगरा के 32 निजी स्कूलों में ‘पुस्तक-दुकान माफिया’ के खिलाफ डीएम को ज्ञापन
आगरा, 22 अप्रैल। शिक्षा के नाम पर अभिभावकों की जेब काटने वाले ‘पुस्तक-दुकान माफिया’ के खिलाफ संस्था प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स (पापा) के संस्थापक मनोज शर्मा ने बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल 32 निजी स्कूलों की सूची सहित ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि आगरा के CBSE/ICSE समेत छोटे-बड़े 32 निजी विद्यालयों में NCERT व SCERT की किताबों की जगह निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें थोपी जा रही हैं। अभिभावकों को स्कूल द्वारा तय की गई चुनिंदा दुकानों से ही किताब-कॉपी खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। इससे प्रति छात्र 5000 से 8000 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जिले के सभी 32 चिन्हित विद्यालयों में पुस्तक बिक्री की तत्काल जांच हो, NCERT/SCERT की किताबें ही अनिवार्य की जाएं, किताबें खुले बाजार में उपलब्ध हों, किसी विशेष दुकान से खरीदने का दबाव बंद हो, दोषी स्कूलों व दुकानदारों पर RTE एक्ट व उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय अधिनियम 2018 के तहत कार्रवाई हो, अभिभावकों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए। जिलाधिकारी ने ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
________________________________________
कदमखंडी धार्मिक स्थल के विकास को मिलेगी नई पहचान
आगरा, 22 अप्रैल। विकासखंड अकोला के गांव इकराम नगर स्थित धार्मिक स्थल कदमखंडी का सांसद राजकुमार चाहर ने क्षेत्र के प्रमुखजनों के साथ निरीक्षण किया। सरकार द्वारा कदमखंडी स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 58 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। विकास कार्यों के अंतर्गत कदमखंडी परिसर में एक बड़ा हॉल, शौचालय, एक बाथरूम, दो कमरे तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस पवित्र स्थल के लिए पर्यटन विभाग से करीब 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। किरावली तहसील के मोनी बाबा आश्रम तथा जाजऊ स्थित मोनी बाबा आश्रम के विकास के लिए भी एक-एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान किरावली कार्यालय पर सांसद ने जनसमस्याएं भी सुनीं। इस दौरान गुड्डू चाहर, विश्वजीत सिंह, विनोद अग्रवाल, भूप सिंह इन्दोलिया, भगत प्रधान, सतेंद्र यादव, पिंकी सरपंच, डॉ. नेम सिंह, घंसु सरपंच, डोरीलाल, राजू लवानिया, राजीव जैन, धारा सिंह, जितेंद्र प्रधान, पवन इन्दोलिया उपस्थित रहे।
________________________________________
विलायती बबूल हटाओ, देशी वृक्ष लगाओ!
आगरा, 22 अप्रैल। अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर बुधवार की सुबह अधिवक्ता के सी जैन ने पालीवाल पार्क में प्रातःकालीन भ्रमण कर रहे नागरिकों से सम्पर्क कर उन्हें विलायती बबूल की पारिस्थितिक विनाशलीला के प्रति जागरूक किया।
सभी उपस्थित नागरिकों ने एकमत होकर माँग की कि पालीवाल पार्क से विलायती बबूल के समस्त वृक्ष तत्काल हटाए जाएँ और गूलर एवं पाखर जैसे फलदार देशी वृक्ष लगाए जाएँ। साथ ही पीपल, नीम, बरगद, जामुन और अर्जुन जैसे छायादार देशी वृक्ष भी रोपे जाएँ। यह निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही मंडलायुक्त से भेंट की जाएगी और उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की विधिक बाध्यता से अवगत कराते हुए नगर के उद्यानों एवं ASI स्मारकों से विलायती बबूल हटाने की प्रक्रिया तत्काल प्रारम्भ कराने का अनुरोध किया जाएगा।
________________________________________
संस्कार भारती ने किया भू अलंकरण सज्जा का आयोजन
आगरा, 22 अप्रैल। संस्कार भारती द्वारा पृथ्वी दिवस पर बुधवार को भू अलंकरण सज्जा का आयोजन किया गया। सृजनिका आर्ट गैलरी एवं स्टूडियो, पुष्पांजलि रोड, दयालबाग पर आयोजित रंगोली सज्जा के अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन और अस्तित्व का प्राथमिक और मूल आधार है। 
पार्षद भरत शर्मा ने कहा कि समाज में सृजनता को बढ़ावा देना ही संस्कार भारती का उद्देश्य है। ललित कला संस्थान के उपनिदेशक चित्रकार डॉ मनोज कुमार ने कहा कि समाज में विचारों और संस्कारों का सबसे प्रभावपूर्ण और प्रभावी माध्यम कलाएं हैं।
डॉ आभा सिंह गुप्ता, आलोक आर्य, चित्रकार रश्मि सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। सुदेश कुमार के नेतृत्व में अंजली कुशवाहा ने रंगोली सजाई। डा एकता श्रीवास्तव, प्रख्यात कवि डॉ यशोयश, इंजीनियर अतुल गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, एडवोकेट संजय कुमार, अंजली कुशवाहा, दीपक चौधरी, नीनू गर्ग, जितेन्द्र पमनानी आदि उपस्थित रहे।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments