64 साल बाद बदल गया आयकर अधिनियम, विभाग ने दी नए नियमों की जानकारी, नेशनल चैम्बर भी करेगा सेमिनार
आगरा, 24 अप्रैल। आयकर विभाग ने संजय प्लेस स्थित अपने कार्यालय में शुक्रवार को आउटरीच कार्यक्रम करते हुए आयकर अधिनियम में हुए बदलाव की जानकारी दी। प्रधान आयकर आयुक्त-प्रथम अनुपम कांत गर्ग ने बताया कि आयकर अधिनियम 1961 के बाद आयकर अधिनियम 2025 में परिवर्तित किया गया है। इसमें कर प्रणाली को अत्यन्त ही सरल व सुगम बनाया गया है जिसे उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा शीघ्र ही इसका पूर्ण ज्ञान प्राप्त हो सके।
गर्ग ने प्रावधानों के फायदों के बारे में बताया तथा इसको लाने की आवश्यकता क्यों महसूस की गई, इस बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, टैक्सेशन बार एसोसिएशन और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों ने मौजूद रहकर नियमों के बदलाव को समझा। आयकर अधिकारी सत्येन्द्र शाह द्वारा पीपीटी के माध्यम से सभी सदस्यों को आयकर अधिनियम 2025 के संबंध में जानकारी प्रदान की गयी तथा आयकर अधिकारी तरुण सैनी द्वारा भी टीडीएस व टीसीएस पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।
कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मनोज बंसल ने आयकर विभाग की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि चैम्बर द्वारा शीघ्र ही आयकर अधिनियम 2025 पर सेमिनार का आयोजन किया जायेगा।
चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन अनिल वर्मा ने कहा कि आयकर अधिनियम-1961 के बाद आयकर अधिनियम 2025 में परिवर्तित किया गया है वह बहुत ही सरल एवं तर्कसंगत प्रतीत होता है। नियमों के सरलीकरण से उद्यमियों एवं व्यापारियों को राहत प्राप्त होगी।
आउटरीच प्रोग्राम का संचालन आयकर विभाग के रंजन सैनी द्वारा किया गया। आउटरीच प्रोग्राम में धन्यवाद ज्ञापन आयकर अधिकारी (मु.) लोकेश उप्रेती द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में दीपेन्द्र मोहन, संजय गोयल, सौरभ सक्सेना, राज किशोर खण्डेलवाल, अक्षय कुलश्रेष्ठ, नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, दीपक महेश्वरी, श्याम मोहन गुप्ता के अलावा आयकर विभाग से शैलेन्द्र श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, हर्ष सिद्धार्थ गौतम, अपर आयुक्तगण, एसएस लोहान उपायुक्त, अजय कुमार दुबे सहायक आयुक्त, सुशील कुमार, गजेन्द्र सिंह, शिवकुमार, सुनील सक्सेना आयकर अधिकारीगण, दिलीप गुप्ता, अखिल श्रीवास्तव, आयकर निरीक्षकगण, गौरव बघेल एवं संतोष पचौरी उपस्थित रहे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments