11 हजार वोल्ट की लाइन के निकट टहनियां काट रहे विद्युत कर्मी को लगा जोर का करंट, मौत
आगरा, 01 अप्रैल। अकोला क्षेत्र में बुधवार को पेड़ों की छंटाई कर रहे संविदा पर कार्यरत बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 28 वर्षीय पेट्रोलमैन सुशील चाहर पुत्र राजेंद्र सिंह मलपुरा के गांव बरारा के समीप पीपल के पेड़ की टहनियां काट रहा था। गर्मियों में आंधी के दौरान बिजली के तारों को बचाए रखने के लिए यह कार्य किया जा रहा था। इसी कार्य के दौरान सुशील पास से गुजर रही मलपुरा विद्युत केंद्र की भांडई फीडर की 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह पेड़ से नीचे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई सुनील कुमार ने बताया सुशील लगभग 05 साल से अकोला उपकेंद्र में बतौर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। वह सुबह करीब आठ बजे भाई अपने तीन सहयोगी धर्मेंद्र, भानू और तितेंद्र के संग पेड़ों की छंटाई करने मलपुरा के बरारा गांव में गया था। बताया कि यह तीनों संविदा पर लाइनमैन हैं।
लाइनमैन धर्मेंद्र ने बताया कि सुशील पेड़ पर चढ़कर शाखाएं काट रहा था। इसी बीच वह पेड़ के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आ गया।
मलपुरा थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के मुताबिक, कागारौल के अकोला का निवासी सुशील चाहर अकोला उपकेंद्र में संविदाकर्मी था। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद अकौला उपकेंद्र के जेई वेद प्रकाश भारती भी वहां पहुंच गए। इस मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments