संजय प्लेस में बनेंगी दो और वर्टिकल पार्किंग, शासन की ओर से जारी हुई पहली किश्त
आगरा, 01 अप्रैल। नगर निगम संजय प्लेस में दो और मशीनीकृत वर्टिकल पार्किंग बनवाएगा। इससे संजय प्लेस में पार्किंग की समस्या से निजात मिल सकेगी और सड़क पर वाहन खड़ा करने से लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा निविदा भी आमंत्रित की गई है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर विकास विभाग ने इसके लिए पहली किश्त भी जारी कर दी है।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर निगम आगरा द्वारा हरिपर्वत जोन, संजय प्लेस में भारतीय स्टेट बैंक के समक्ष लगभग 2.28 करोड़ रुपये की लागत और राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के समक्ष लगभग 1.76 करोड़ रुपये की लागत से मशीनीकृत वर्टिकल पार्किंग स्थापित की जाएगी। इसके लिए शासन द्वारा पहली किश्त के रूप में 2.42 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।
तय प्रक्रिया को पूर्ण करने के उपरांत गुणवत्तायुक्त वर्टिकल पार्किंग बनाने का कार्य जल्द ही शुरू होगा और शहरवासियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
शहर के सबसे बड़े व्यवसायिक हब संजय प्लेस में पार्किंग की कमी होने के कारण लोग सड़कों पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। वर्टिकल पार्किंग बनने से इस समस्या से निजात मिल सकेगी।
यह जानकारी महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने देते हुए कहा कि हमारा ध्येय आगरा को वैश्विक शहर बनाना है, इसके लिए आगरा में वैश्विक स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इसके लिए महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद ज्ञापन किया।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments